भारत
राजा राम | May 25, 2025, 07:42 PM IST
1.फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह से प्रतिबंधित

आज के डिजिटल युग में घूमना और अपनी यात्राओं को तस्वीरों या वीडियो के ज़रिए कैद करना आम बात हो गई है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में कुछ ऐसी जगहें हैं जहां फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह से प्रतिबंधित है? अक्सर देखा जाता है कि लोग अनजाने में इन प्रतिबंधित स्थानों पर फोटो खींचकर या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर देते हैं, जो ना सिर्फ कानूनी रूप से गलत है बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है. ऐसे कार्य दुश्मन देशों या आतंकवादी संगठनों को गोपनीय जानकारी दे सकते हैं. इसीलिए कुछ स्थानों को सुरक्षा की दृष्टि से 'नो फोटोग्राफी' जोन घोषित किया गया है.
2.सेना के कैंप और सैन्य ऑपरेशन क्षेत्र

भारतीय सेना के कैंप या युद्धाभ्यास से जुड़ी जगहों को उच्च सुरक्षा क्षेत्र माना जाता है. यहां फोटो या वीडियो लेना पूरी तरह वर्जित होता है. अगर कोई व्यक्ति ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर आधिकारिक गोपनीयता कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है, जिसमें जेल तक की सजा हो सकती है.
3.नेवी के जहाज और नौसैनिक बेस

भारतीय नौसेना के जहाज और उनके ठिकाने रणनीतिक दृष्टि से अति संवेदनशील होते हैं. इनकी तस्वीरें या वीडियो सार्वजनिक करना राष्ट्र सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है.
4.हवाई अड्डों का रनवे और एयर ट्रैफिक कंट्रोल एरिया

एयरपोर्ट के रनवे या एटीसी टावर जैसे इलाकों की तस्वीरें लेना एक बड़ा सुरक्षा जोखिम बन सकता है. यहां की गतिविधियों को रिकॉर्ड करना विमानन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है. DGCA के नियमों के अनुसार, ऐसा करना दंडनीय अपराध है.
5.न्यूक्लियर प्लांट्स और रिसर्च संस्थान

परमाणु संयंत्रों और वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों की सुरक्षा सबसे ऊंचे स्तर पर होती है. इन स्थानों पर किसी भी तरह की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी कानून द्वारा वर्जित है. यह राष्ट्रीय गोपनीयता कानून के अंतर्गत आता है.
6.कुछ धार्मिक स्थल और राष्ट्रीय स्मारक

भारत के कई प्रमुख मंदिरों और स्मारकों में भी फोटो खींचना मना होता है. यह धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत की रक्षा के लिए होता है. ऐसे स्थलों पर नियमों को अनदेखा करना आपको मुश्किल में डाल सकता है. अगर आप एक जिम्मेदार नागरिक हैं और घूमने-फिरने का शौक रखते हैं, तो इन जगहों पर कैमरा इस्तेमाल करने से पहले नियमों की जानकारी अवश्य लें. यह न सिर्फ आपकी सुरक्षा के लिए, बल्कि देशहित में भी जरूरी है.