भारत
राजा राम | Jun 16, 2025, 07:49 PM IST
1.आत्मनिर्भर भारत की समुद्री ताकत को मिला नया सहारा

गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए बनाए जा रहे आठ फास्ट पेट्रोल जहाजों की श्रृंखला में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सोमवार को 'अचल' नामक जहाज को पारंपरिक वैदिक मंत्रों के बीच गोवा में समंदर में उतारा गया. बता दें यह जहाज पूरी तरह से भारत में डिजाइन और तैयार किया गया है. यह देश की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है.
2.मौजूद रहे कई बड़े अधिकारी

इस खास मौके पर ‘अचल’ को समुद्र में उतारने की परंपरागत रस्म तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक अनिल कुमार हरबोला की पत्नी कविता हरबोला ने पूरी की. इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी, नौसेना और तटरक्षक बल के प्रतिनिधि, और GSL के उच्च पदाधिकारी मौजूद रहे.
3.जहाज की तकनीकी खूबियां

52 मीटर लंबा यह फास्ट पेट्रोल वेसल करीब 27 नॉट्स (लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटा) की रफ्तार से चल सकता है. यह जहाज समुद्री निगरानी, सुरक्षा और गश्त के कार्यों में तटरक्षक बल को सहायता देगा. इसमें आधुनिक नेविगेशन और संचार उपकरण लगे हैं, जो इसे और बनाते हैं.
4.60% से ज्यादा स्वदेशी प्रोडक्ट

‘अचल’ की सबसे बड़ी खासियत इसका पूर्णतया स्वदेशी डिजाइन और निर्माण है। इसमें 60 प्रतिशत से अधिक उपकरण और संसाधन भारत में ही बने हैं. यह 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' जैसी पहलों को मजबूती देने वाला एक बड़ा कदम है.
5.MSME और स्थानीय उद्योगों को भी मिला लाभ

इस परियोजना से न सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा को बल मिला है, बल्कि इससे जुड़े छोटे और मध्यम दर्जे के उद्योगों (MSME) और स्थानीय कारीगरों को भी रोज़गार और कारोबार के नए अवसर मिले हैं. इससे भारत के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई ऊर्जा मिली है.
6.जल्द पूरे होंगे बाकी जहाज

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में इस प्रोजेक्ट के लिए GSL को आठ फास्ट पेट्रोल जहाजों के निर्माण का कान्ट्रैक्ट मिला था. ‘अचल’ इस श्रृंखला का एक अहम हिस्सा है और बाकी जहाज भी तय समय सीमा के भीतर तैयार किए जा रहे हैं. इससे भारत की समुद्री सीमाओं की निगरानी और सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत होगी.