भारत
Gaurav Barar | Jul 19, 2026, 08:47 AM IST
1.डॉयचे बैंक की रिपोर्ट में बड़ा दावा

अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो आपके लिए एक दिलचस्प खबर है. डॉयचे बैंक (Deutsche Bank) की हालिया मैपिंग द वर्ल्ड्स प्राइसेज 2026 रिपोर्ट में सामने आया है कि दिल्ली दुनिया के बड़े शहरों में एक रोमांटिक डेट पर जाने और घर खरीदने के मामले में काफी किफायती है. हालांकि, इस सिक्के का एक दूसरा पहलू भी है, यहां रहने वाले लोगों की औसतन आमदनी भी दुनिया के प्रमुख शहरों के मुकाबले सबसे कम स्तर पर है. (Image Source- Magnific)
2.दुनिया के 69 बड़े शहरों पर किया सर्वे

डॉयचे बैंक के रिसर्च इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञ जिम रीड और गैलिना पॉज्न्याकोवा द्वारा तैयार की गई इस रिपोर्ट में दुनिया भर के 69 बड़े शहरों में रहने की लागत और जीवन स्तर का गहन विश्लेषण किया गया है. इसके लिए नम्बियो के क्राउडसोर्स्ड डेटा का सहारा लिया गया, जिसे बैंक की रिसर्च टीम ने बारीकी से क्रॉस-चेक किया है. (Image Source- Deposit Photos)
3.'सस्ती डेट' के मामले में दिल्ली नंबर-1

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में एक चीप डेट (जिसमें दो लोगों के लिए खाना, वाइन, दो कॉफी, सिनेमा टिकट, टैक्सी का सफर और कपड़े शामिल हैं) का कुल खर्च करीब $103 (लगभग 9,920 रुपये) आता है. तुलना के लिए देखें तो स्विट्जरलैंड का जिनेवा शहर इस मामले में सबसे महंगा है, जहां इसी तरह की एक डेट के लिए $475 (करीब 45,750 रुपये) ढीले करने पड़ते हैं. (Image Source- Pexels)
4.सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट भी दिल्ली में

इसके अलावा, दिल्ली डिजिटल लाइफ के मामले में भी दुनिया में सबसे आगे है. यहां दुनिया का सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट मिलता है, जिसके मासिक कनेक्शन की औसत लागत सिर्फ $7.3 (करीब 703 रुपये) है. इतना ही नहीं, कॉफी लवर्स के लिए भी राहत है. दिल्ली में एक सामान्य कैपुचीनो की कीमत लगभग 231 रुपये ($2.40) है, जो इसे इस इंडेक्स के 10 सबसे सस्ते शहरों में शामिल करती है. (Image Source- Deposit Photos)
5.प्रॉपर्टी बाजार में राहत

अगर आप शहर के केंद्र में घर खरीदने की सोच रहे हैं, तो वैश्विक मानकों के हिसाब से दिल्ली काफी सस्ती है. यहां औसतन प्रॉपर्टी की कीमत $2,465 प्रति वर्ग मीटर (लगभग 2,37,000 रुपये) है, जिससे दिल्ली को दुनिया में 65वां स्थान मिला है. पिछले एक दशक में डॉलर के मुकाबले यहां की प्रॉपर्टी की कीमतों में 9.8% की गिरावट आई है, हालांकि 2019 के बाद से इसमें 15.7% का सुधार जरूर देखा गया है. (Image Source- PTI)
6.सैलरी ने बढ़ाई चिंता

वहीं, सिटी सेंटर में एक 3-बेडरूम वाले फ्लैट का औसत मासिक किराया करीब 65,970 रुपये ($685) आंका गया है. हालांकि असली पेंच सैलरी के मोर्चे पर फंसता है. 69 शहरों की सूची में दिल्ली सैलरी के मामले में निचले पायदान (66वें स्थान) पर है. यहां की औसत नेट मंथली सैलरी करीब 51,800 रुपये ($538) है, जो अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की औसत सैलरी का सिर्फ 10 फीसदी ही है. (Image Source- Pexels)
7.स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख टॉप पर

इस सूची में स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख शहर सबसे टॉप पर है, जहां औसत मासिक नेट सैलरी करीब 8,05,200 रुपये ($8,363) है. चिंता की बात यह है कि डॉलर के संदर्भ में पिछले 10 सालों में दिल्ली की औसत सैलरी में 17.7% की गिरावट दर्ज की गई है. (Image Source- Pexels)
8.दिल्ली में क्वालिटी ऑफ लाइफ कैसी?

कम सैलरी और बढ़ते प्रदूषण जैसे कारकों की वजह से दिल्ली क्वालिटी ऑफ लाइफ के मामले में दुनिया के टॉप 50 शहरों में भी अपनी जगह नहीं बना पाई है. इस इंडेक्स में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, प्रदूषण, और यातायात के समय जैसी चीजों को मापा जाता है. राहत की बात यह है कि पिछले एक दशक में दिल्ली में रोजमर्रा के कई खर्चे डॉलर के मुकाबले कम हुए हैं. (Image Source- Pexels)
9.दिल्ली में रोजमर्रा के खर्चे

जैसे जिम की मेंबरशिप 38.3% तक सस्ती हुई है, जींस की कीमतें 36.9% और गर्मियों के कपड़ों के दाम 26.5% तक घटे हैं. हालांकि, पेट्रोल की कीमतें डॉलर के मामले में लगभग न्यूयॉर्क के बराबर ($1.05 प्रति लीटर) बनी हुई हैं. कुल मिलाकर, यह रिपोर्ट साफ करती है कि दिल्ली रहने और खाने-पीने के लिए भले ही जेब पर हल्की है, लेकिन वैश्विक स्तर पर बेहतर लाइफस्टाइल और मजबूत सैलरी पैकेज के मामले में इसे अभी लंबा सफर तय करना है. (Image Source- Magnific)