भारत
ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद एक के बाद एक कई खुलासे हो रहे हैं. इसके राज अब पाकिस्तान हाई कमीशन से जुड़ रहे हैं. आइए जानते हैं, अभी तक इस केस में क्या अपडेट आए हैं.
पिछले कुछ दिनों से लगातार ज्योति मल्होत्रा के नाम का चर्चे हर जगह हो रहे है. जासूसी के आरोप में गिरफ्तारी होने के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों से कई खुलासे हुए हैं, जिसमें पाकिस्तान हाई कमीशन का एक अफसर, एक महिला डिजिटल एक्टिविस्ट और एक ट्रैवल एजेंट शामिल पाए गए हैं. सूत्रों के अनुसार, दानिश नाम का अफसर पाकिस्तान हाई कमीशन के वीजा डेस्क पर बैठकर न सिर्फ घूसखोरी करता था, बल्कि भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के लिए ट्रैप भी करता था. इसी कड़ी में ही ज्योति का नाम आया था.
1. जांच एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान हाई कमीशन में कार्यरत दानिश नाम का अफसर लंबे समय से वीजा डेस्क पर तैनात था और भारत के नागरिकों को जासूसी के मकसद से पाकिस्तान भेजने के लिए ट्रैप कर रहा था. इसके साथ ही वह हर वीजा फाइल क्लियर करने के लिए करीब 5 हजार रुपए की घूस भी वसूलता था. यह घूस गिरफ्तार आरोपी यामीन मोहम्मद के पास जमा होती थी, जो वीजा के लिए आने वालों को बहकाकर दानिश से मिलवाता और फिर उनसे पैसे वसूलता.
2. बाद में इस नेटवर्क में एक और नाम जुड़ा ज्योति मल्होत्रा का. शुरुआत में ज्योति ने पाकिस्तान यात्रा को ‘religious tourism’ और ‘minority outreach’ का नाम दिया. लेकिन दस्तावेज़ों और ट्रैवल रूट की जांच करने पर सामने आया कि वह पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर तक पहुंची थी, जो कि आतंकी गतिविधियों का गढ़ माना जाता है.
3. सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि ज्योति और दानिश के बीच हुई चैटिंग में दो अहम मिशनों का जिक्र सामने आया. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ब्लैकआउट फेज’. ये चैट्स बाद में ज्योति ने डिलीट कर दिए, जिससे शक और गहरा गया. हालांकि, ज्योति के तीन मोबाइल और एक लैपटॉप को जब्त कर लिया गया है और अब फॉरेंसिक टीम डिलीटेड डेटा को रिकवर कर रही है.
यह भी पढ़ें: अब ZEE News को टारगेट कर रहा पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर की कवरेज से बौखलाए शहबाज-मुनीर, किया साइबर अटैक
4. जांच में खुलासा हुआ है कि ज्योति की मुलाकात दानिश से हरकीरत नाम के ट्रैवल एजेंट के जरिए हुई थी, जो खुद जांच के घेरे में है. हरकीरत के भी दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है.
5. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि ये नेटवर्क न सिर्फ भारत की सुरक्षा को नुकसान पहुंचा रहा था, बल्कि डिजिटल माध्यमों से ISI की गतिविधियों को भारत में प्रमोट कर रहा था. आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और नाम सामने आने की उम्मीद है.
(With Input From zee News)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.