Advertisement

YouTube ने क्रिएटर्स के लिए बदल दिए नियम, अब कमाई करना होगा मुश्किल!

अगर आप 2027 में यूट्यूब चैनल शुरू करके ऑनलाइन कमाई करने का मन बना रहे हैं, तो यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम (YPP) के ये नए नियम आपके लिए जानना बेहद जरूरी हैं.

Latest News
YouTube ने क्रिएटर्स के लिए बदल दिए नियम, अब कमाई करना होगा मुश्किल!

सांकेतिक तस्वीर (Source- depositphotos)

Add DNA as a Preferred Source

अगर आप यूट्यूब पर वीडियो बनाकर नाम और पैसा कमाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. यूट्यूब अपने प्लेटफॉर्म से पैसे कमाने के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जिससे नए क्रिएटर्स के लिए कमाई की शुरुआत करना काफी मुश्किल हो सकता है.

यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम (YPP) में शामिल होने के लिए कंपनी अब काफी कड़े नियम ला रही है. नए नियम 1 फरवरी 2027 से लागू होंगे. इसका मतलब यह है कि जो लोग नए साल की शुरुआत में यूट्यूब से कमाई का प्लान बना रहे हैं, उन्हें अब अपनी रणनीति बदलनी होगी.  

कमाई की शर्तें हुईं दोगुनी  

अब तक अगर किसी क्रिएटर को अपने वीडियो पर विज्ञापन चलाकर पैसे कमाने होते थे, तो उसे 1,000 सब्सक्राइबर्स के साथ-साथ पिछले 1 साल में 4,000 वॉच आवर्स (वीडियो देखे जाने के घंटे) या 90 दिनों में 1 करोड़ (10 मिलियन) शॉट्स व्यूज की जरूरत होती थी. लेकिन 1 फरवरी 2027 से नए क्रिएटर्स को मोनेटाइजेशन के लिए ये शर्तें पूरी करनी होंगी. 

अब पूरी करनी होंगी ये शर्तें

पिछले 365 दिनों यानी 1 साल में कम से कम 8,000 वॉच आवर्स या फिर पिछले 90 दिनों में 2 करोड़ (20 मिलियन) शॉट्स व्यूज. इसके अलावा 1,000 सब्सक्राइबर्स का होना अनिवार्य रहेगा. सीधे शब्दों में कहें तो यूट्यूब ने कमाई शुरू करने की सीमा को दोगुना कर दिया है. अच्छी बात यह है कि जो क्रिएटर्स पहले से ही पार्टनर प्रोग्राम से जुड़े हैं और पैसा कमा रहे हैं, उन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा. लेकिन नए लोगों को अब ज्यादा मेहनत करनी होगी.

यूट्यूब ने क्यों बदला नियम?  

यूट्यूब ने इस बदलाव के पीछे की कोई ठोस वजह खुलकर नहीं बताई है. लेकिन जानकारों का मानना है कि प्लेटफॉर्म पर क्रिएटर्स की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है और कई लोग इससे बड़ी रकम कमा रहे हैं. ऐसे में कंपनी अब उन्हीं क्रिएटर्स को अपने साथ जोड़ना चाहती है जो लंबे समय तक टिककर काम कर सकें और जिनके पास एक मजबूत और एक्टिव ऑडियंस हो.

क्या इंस्टाग्राम को होगा फायदा?

यूट्यूब के इन सख्त कदमों से इंस्टाग्राम जैसे विरोधी प्लेटफॉर्म्स को फायदा मिल सकता है, बशर्ते वे नए क्रिएटर्स को अपने साथ जोड़ने के लिए सही नीतियां लाएं. हालांकि, आज भी इंस्टाग्राम की तुलना में यूट्यूब पर कमाई की संभावनाएं कहीं ज्यादा हैं, लेकिन जब यूट्यूब पर पैसे कमाने का रास्ता मुश्किल होगा, तो नए लोग विकल्प के तौर पर दूसरे प्लेटफॉर्म्स का रुख कर सकते हैं.

लंबे समय में इसका असर यूट्यूब के बिजनेस पर देखने को मिल सकता है. दिलचस्प बात यह है कि यूट्यूब का यह फैसला ऐसे समय आया है जब एलन मस्क का X भी अपने क्रिएटर्स के पुराने पेमेंट मॉडल को बंद कर रहा है और सिर्फ ओरिजिनल कंटेंट पोस्ट करने वाले यूजर्स को ही बढ़ावा दे रहा है. कुल मिलाकर आने वाले समय में सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाकर पैसा कमाना पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है. 

ये भी पढ़ें- पान मसाला की प्लास्टिक पैकिंग बैन, अब कैसे बिकेगा गुटखा? क्या दाम भी बढ़ेंगे

 

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement