भारत
आरोपी अकील ने पहले बाइक सवार राकेश को टक्कर मारी, फिर बेरहमी दिखाते हुए कार को रिवर्स में चलाकर राकेश के ऊपर चढ़ा दी। उसने बार-बार उसे कुचला और मौके से फरार हो गया.
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पठानी मोहल्ला में एक हृदयविदारक हत्याकांड सामने आया है. शुक्रवार देर रात एक युवक राकेश रैकवार की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई. इस दौरान उसकी मां भी साथ में थी, जिसने अपने बेटे को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ते देखा.
मामले की शुरुआत शुक्रवार शाम उस समय हुई जब राकेश का आरोपी अकील के पिता से चिकन खरीदने को लेकर विवाद हो गया. राकेश विवाद के बाद घर लौट आया. लेकिन जब वह अपनी बीमार मां को बाइक पर डॉक्टर के पास ले जा रहा था, तब आरोपी अकील खान ने राकेश की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे राकेश और उसकी मां सड़क पर गिर गए.
गिरने के बाद अकील ने अपनी कार रिवर्स में लेकर राकेश पर चढ़ा दी, और कई बार कुचलने के बाद मौके से फरार हो गया. मां ने चीखते हुए लोगों से मदद मांगी और राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और पुराने विवाद की भी कड़ी को खंगाला जा रहा है. आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है.
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है. स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने X (ट्विटर) पर पोस्ट कर घटना को सांप्रदायिक और मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़ा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है.