भारत
ओलंपिक रेसलर सुशील कुमार की जमानत याचिका को दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. वह अभी फिलहाल जेल में ही रहेंगे. उन पर सागर धनखड़ की हत्या का आरोप हैं. मई 2021 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 23 वर्षीय सागर धनखड़ की हत्या कर दी गई थी.
ओलंपिक रेसलर सुशील कुमार अभी जेल में ही रहेंगे. दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया है. जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव की बेंच ने दायर याचिका पर सुनवाई के बाद कुमार को जमानत देने से मना कर दिया. सुशील पर 2021 में सागर धनखड़ की हत्या करने का आरोप है. आइए जानते हैं हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका क्यों खारिज की.
सुशील कुमार ने ट्रायल कोर्ट के 6 फरवरी के उस आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसमें उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी. ट्रायल कोर्ट ने कहा था कि इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि वह जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं.
जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अपनी याचिका में सुशील ने कहा कि उनकी याचिका पर विचार किया जाना चाहिए. कुमार ने कहा कि सभी गवाहों से पूछताछ हो चुकी है. दिल्ली पुलिस और धनखड़ के परिवार ने इस याचिका का विरोध करते हुए कहा कि अभी सभी गवाहों से पूछताछ पूरी नहीं हुई है.
दिल्ली हाईकोर्ट ने पिछले साल मार्च में कुमार को जमानत दे दी थी, जिसके बाद मृतक धनखड़ के परिजन सुप्रीम कोर्ट चल गए. सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त 2025 में दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें उन्हें जमानत दी गई थी.
कोर्ट ने कहा कि इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि वह गवाहों पर दबाव डाल सकता है और ट्रायल की कार्यवाही भी प्रभावित हो सकती है.
दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के अनुसार सुशील कुमार युवा एथलीटों के बीच अपना दबदबा बनाने के लिए सागर की हत्या की थी. दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 23 साल के सागर धनखड़ की 2021 में हुई हत्या कर दी गई थी.
पुलिस ने मई 2021 में सुशील को गिरफ्तार किया था. अक्टूबर 2022 में ट्रायल कोर्ट ने कुमार के खिलाफ हत्या, अपहरण, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत आरोप तय किए थे.
सुशील कुमार भारतीय पहलवान हैं. उसने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और 2012 लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीता था. मॉस्को में हुए 2010 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में उसने गोल्ड मेडल जीता था. 2010, 2014 और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में उसे गोल्ड मेडल जीता है.
ये भी पढ़ें - बाढ़, भुखमरी...मोजाम्बिक में क्यों आई आपदा? खाने को तरस रहे लोग