भारत
Dog bite incident in jawaharlal nehru stadium Stadium: दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान आवारा कुत्तों ने जापान और केन्या के कोच समेत 3 लोगों पर हमला कर दिया. 30 मिनट के अंदर हुई इस घटना के बाद खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे हैं.
Dog Bite Incident in Jawaharlal Nehru Stadium Stadium: राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के दौरान शुक्रवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई. महज 30 मिनट के अंदर तीन अलग-अलग जगहों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. इस हमले में जापान और केन्या के कोच समेत एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हुए. इस घटना ने आयोजन स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पहला हमला 9:18 बजे हुआ. जापानी फेंसिंग कोच मेइको ओकुमात्सु वार्म-अप ट्रैक पर अपनी एथलीट को देख रही थीं, तभी एक कुत्ते ने उनकी बाईं टांग पर काट लिया. उनके पैर पर गहरे जख्म आए, जिसके लिए बाद में टांके लगाने पड़े.
दूसरा हमला 9:42 बजे के आसपास बताया जा रहा है. केन्या के स्प्रिंट्स कोच डेनिस मरागिया म्वांजो अपनी एथलीट की प्रैक्टिस में मदद कर रहे थे, तभी उन्हें भी दाहिने पैर पर कुत्ते ने काट लिया.
तीसरा हमला भी इसी बीच स्टेडियम गेट पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड पर हुआ.
कुत्तों के हमले के बाद सभी घायलों को तुरंत मेडिकल सहायता दी गई और फिर उन्हें सफदरजंग अस्पताल भेजा गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन विदेशी कोचों पर हुए इस हमले से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन की किरकिरी हुई है.
यह घटना पहली बार नहीं हुई है. चैंपियनशिप शुरू होने के बाद से अब तक पांच से ज्यादा बार कुत्ते लोगों को काट चुके हैं. पहले हुए हमलों में सुरक्षा कर्मियों, वॉलंटियर्स और अधिकारियों को निशाना बनाया गया था. आरोप है कि उस वक्त इस मामले को दबा दिया गया था, लेकिन अब जब विदेशी कोच घायल हुए हैं, यह मामला खुलकर सामने आया है.
गंभीर घटना के तुरंत बाद, आयोजन समिति हरकत में आई और उन्होंने डॉग स्क्वॉड को बुलाकर परिसर की गहन तलाशी करवाई. इस दौरान कुछ आवारा कुत्तों को पकड़ा भी गया. हालांकि, यह सवाल अभी भी कायम है कि जब सुरक्षा इंतजाम पहले से थे, तो कुत्ते स्टेडियम के अति-सुरक्षित परिसर के अंदर पहुंचे कैसे.
वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की आयोजन समिति (LOC) ने इस हादसे के बाद एक आधिकारिक बयान जारी किया. बयान में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कुत्तों के स्टेडियम में आने की वजह वे लोग हैं, जो पास में उन्हें खाना खिलाते रहते हैं. समिति ने यह भी बताया कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले MCD ने स्टेडियम को कुत्तों से खाली कर दिया था और डॉग-कैचिंग गाड़ियां भी तैनात थीं, बावजूद इसके बाहर से कुत्ते अंदर घुस आए और यह हादसा हो गया. समिति ने अब सुरक्षा को और सख्त कर दिया है.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.