भारत
अलवर के सरकारी अस्पताल में ICU में भर्ती महिला से रेप की घटना सामने आई है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
राजस्थान के अलवर में ESIC अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ पर ICU में भर्ती एक महिला के रेप का आरोप लगा है. इस मामले में केस दर्ज होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है. आरोपी नर्सिंग स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है.
घटना अलवर स्थित ESIC मेडिकल कॉलेज अस्पताल की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित महिला की ट्यूबेक्टॉमी सर्जरी हुई थी. सर्जरी के बाद महिला को अस्पताल के ICU में रखा गया था. ICU में महिला अकेली थीं क्योंकि स्टाफ ने उनके पति को बाहर भेज दिया था. 4 जून की रात करीब डेढ़ से ढाई बजे के बीच आरोपी मेल नर्स ने महिला को नशे का इंजेक्शन लगाया, उनके बेड को पर्दों से कवर किया और फिर रेप किया.
जब महिला को होश आया तो उसने अपने पति को घटना की पूरी जानकारी दी. 6 जून को अलवर के उद्योग नगर थाने में केस दर्ज करवाया गया. आरोपी का नाम सुभाष है और उसकी उम्र 30 साल बताई जा रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पुलिस के सामने आपना गुनाह कबूल कर लिया है.
इस मामले में पीड़ित महिला के पति का आरोप है कि अस्पताल मामला दबाने की कोशिश में जुटा है. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मामला सामने आते ही आरोपी को अस्पताल से निकाल दिया गया है. इसके साथ ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और अन्य स्टाफ को नोटिस जारी किया गया है.
अलवर के एक अन्य अस्पताल में फरवरी में इसी तरह की घटना सामने आई थी. तब एक प्राइवेट अस्पताल में ICU में भर्ती महिला का वार्ड बॉय ने रेप किया था. ये घटना अलवर के हरीश अस्पताल में हुई थी और तब पीड़ित महिला के परिवार ने आरोप लगाया था कि अस्पताल की तरफ से उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है और अलग-अलग नंबरों से फोन करके परेशान किया जा रहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से