भारत
महराष्ट्र के अमरावती से दर्दनाक खबर सामने आ रही है. यहां दूसरी बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने इतने ताने मारे की मजबूर होकर महिला ने आत्महत्या कर ली.
महाराष्ट्र के अमरावती से एक दिल दुखाने वाली खबर सामने आ रही है. यहां दूसरी बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने मिहला को इतने ताने सुनाए की परेशान होकर महिला ने आत्महत्या कर ली. जानकारी के अनुसार, महिला की उम्र 32 साल थी और वो स्वास्थ्य अधिकारी थी. मृतका का नाम शुभांगी निलेश तायवडे बताया गया है, जो एक सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) के पद पर कार्यरत थी. यह दिल दहला देने वाली घटना अमरावती के तपोवन परिसर स्थित जयभोले कॉलोनी में हुई.
मूल रूप से नागपुर की रहने वाली शुभांगी की शादी नवंबर 2011 में 35 साल के निलेश तायवडे से हुई थी, जो एक बैंक मैनेजर है. शुभांगी को दो बेटियां हैं, जिनमें से छोटी बेटी मात्र 13 महीने की है. परिजनों का आरोप है कि दूसरी बार लड़की होने के बाद से ही शुभांगी को पति, सास, देवर, ननद और एक मित्र द्वारा ताने दिए जा रहे थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. इस प्रताड़ना से तंग आकर शुभांगी ने रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर में बच्ची के झूले की रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी.
घटना की जानकारी मिलते ही शुभांगी के पिता राजेंद्र तुरकणे ने गडगेनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने पति निलेश तायवडे, 70 साल की सास , 38 साल के निलेश के भाई नितिन तायवडे, 45 साल की ननद हतुर्णा और नितिन के मित्र नयन रामटेके के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है. बताया गया कि शुभांगी ने आत्महत्या से एक दिन पहले 24 मई को शाम करीब 7 बजे अपने पिता से बातचीत की थी, जिसमें उसने ससुराल में हो रही मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया था. इसके बाद रविवार को उसने आत्महत्या कर ली.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से