भारत
मयूर विहार से सराय काले खां की तरफ जाने वाले नए बारापुला फेज 3 कॉरिडोर पर पीक आवर में गाड़ियां रेंग रही हैं और कई जगह लंबी कतारें लग रही हैं. जानें दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसकी क्या वजह बताई है...
दिल्ली में जिस बारापुला फेज-3 कॉरिडोर को पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के बीच सफर आसान करने और ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए बनाया गया था, उसके खुलते ही जाम की समस्या सामने आने लगी. मयूर विहार से सराय काले खां की तरफ जाने वाले इस नए कॉरिडोर पर पीक आवर में गाड़ियां रेंग रही हैं और कई जगह लंबी कतारें लग रही हैं.
शुरुआत में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि गूगल मैप्स इस रूट की ट्रैफिक की असल हालत को नहीं बता रहा है. ऐप पर रास्ता खाली नजर आने की वजह से वाहन चालक इस ओर पहुंच रहे हैं, जबकि स्थिति ऐसी है कि यहां पहले से ही भारी ट्रैफिक है और यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. गांधी जयंती के बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी की वजह से तीन दिन तो इस कॉरिडोर की स्थिति ठीक रही लेकिन सोमवार, 5 अक्टूबर आते ही हालात बदतर हो गए.
TRAFFIC ALERT 📍 Location: Barapulla Phase-III towards Barapulla/Ring Road 📱 Cause: Congestion on Barapulla Phase-III is not being reflected on Google Maps, due to which commuters are continuing to take this route. This has resulted in heavy traffic volume and a bottleneck at Barapulla Junction, causing congestion to extend for a considerable distance. 🚧 Traffic Impact: Traffic movement towards Barapulla/Ring Road is presently heavy and slow. 👮 Action Taken: To regulate traffic flow and reduce congestion at Barapulla Junction, traffic from Barapulla Phase-III is being diverted towards NH-24/DND. 🚦 Advisory: Commuters are advised to avoid the affected stretch, use alternate routes towards NH-24/DND. 👮 Traffic personnel are present at the spot and regulating traffic movement. #DTPUpdates
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) October 5, 2026
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जाम की सबसे बड़ी वजह पुराने बारापुला फ्लाईओवर का स्ट्रक्चरल बॉटलनेक है. नए बारापुला फेज-3 से आने वाला ट्रैफिक कई लेन में आता है. इसके अलावा अलग-अलग तरफ से आने वाला ट्रैफिक भी इस नेटवर्क में जुड़ता है. लेकिन आगे पहुंचने पर यह पूरा ट्रैफिक पुराने बारापुला फ्लाईओवर के सिर्फ तीन लेन वाले हिस्से में सिमट जाता है. सड़क आगे बढ़ने के बजाए संकरी हो जाती है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, करीब 8 से 9 लेन से आने वाला ट्रैफिक एक जगह तीन लेन में मर्ज हो रहा है. इस जगह पर वाहनों की रफ्तार अचानक कम होती है और पीछे लंबी कतार लगने लगती है.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक पुराने बारापुला फ्लाईओवर यानी फेज-1 और फेज-2 की चौड़ाई करीब तीन लेन है. नए फेज-3 की ओर से आने वाला हिस्सा भी करीब तीन लेन का है. सराय काले खां और डीएनडी की ओर जाने वाले लूप भी करीब तीन-तीन लेन के हैं. इन रास्तों से आने वाला ट्रैफिक आगे पुराने तीन लेन वाले हिस्से में मिलता है. यह लेन मर्जिंग और बॉटलनेक इस जाम की सबसे बड़ी वजह बन गया है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि फिलहाल गूगल मैप्स इस हिस्से की वास्तविक ट्रैफिक स्थिति को ठीक तरीके से रिफ्लेक्ट नहीं कर रहा है. ऐप पर कई बार यह रास्ता खाली या सामान्य ट्रैफिक वाला दिखाई दे रहा है, जबकि जमीन पर वाहन जाम में फंसे हुए हैं. जो लोग ट्रैफिक से बचने के लिए ऐप की मदद से रास्ता चुन रहे हैं, उनमें से कई नए कॉरिडोर की ओर पहुंच जा रहे हैं. इससे पहले से दबाव झेल रहे जंक्शन पर वाहनों की संख्या और बढ़ रही है.
ट्रैफिक की समस्या खास तौर पर मयूर विहार फेज-1, बारापुला फेज-3 और सराय काले खां की तरफ आने-जाने वाले हिस्सों से सामने आ रही है. नए कॉरिडोर पर आने वाला ट्रैफिक, सनडायल लूप और डीएनडी की तरफ से आने वाला ट्रैफिक एक-दूसरे के कनेक्ट है. सराय काले खां के पास इन रास्तों का ट्रैफिक पुराने और संकरे बारापुला हिस्से की ओर जाता है. इस बॉटलनेट की वजह से दवाब बढ़ता है.
ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सिर्फ लेन की संख्या का अंतर ही नहीं, बल्कि कुछ मर्जिंग पॉइंट्स की जियोमेट्री पर भी सवाल उठ गए हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सनडायल पार्क के आसपास एक जगह ट्रैफिक को तीखे मोड़ और अचानक लेन मर्जिंग का सामना करना पड़ता है. एक ही पॉइंट पर कई लेन का ट्रैफिक कम लेन में सिमटने से बॉटलनेट और भी गंभीर हो जाता है.
बारापुला फेज-3 को लंबे समय से पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से दक्षिण दिल्ली की कनेक्टिविटी बेहतर करने वाले अहम प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा था. सरकार की योजना थी कि मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिले और इससे आगे दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों का सफर आसान हो. इस कॉरिडोर का मकसद सराय काले खां के आसपास मौजूद ट्रैफिक दबाव को कम करना भी था.
उद्घाटन के समय दिल्ली सरकार की ओर से यह भी जानकारी दी गई थी कि बारापुला फेज 3 कॉरिडोर से पूर्वी दिल्ली से एम्स की तरफ जाने में लगने वाला समय करीब 45 मिनट से घटकर लगभग 15 मिनट तक आ जाएगा. लेकिन कॉरिडोर खुलने के शुरुआती दिनों में तस्वीर इसके उलट नजर आई. कई यात्रियों ने लंबी कतारों और घंटों तक देरी की शिकायत की.

बारापुला फेज-3 प्रोजेक्ट को 2014 में मंजूरी मिली थी और इसका काम 2015 में शुरू हुआ था. इसे शुरुआती तौर पर 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन प्रोजेक्ट में कई साल की देरी हुई. दिल्ली सरकार के डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, परियोजना की शुरुआती स्वीकृत लागत ₹1,260.63 करोड़ थी, जिसे बाद में संशोधित करके ₹1,635.03 करोड़ किया गया. 29 सितंबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसका उद्घाटन किया और 30 सितंबर से इसे आम लोगों के लिए खोला गया.
जाम को कंट्रोल करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मर्जिंग पॉइंट पर अपने कर्मियों की तैनाती की है. इसके अलावा कुछ ट्रैफिक को भीड़भाड़ वाले हिस्से से हटाकर नेशनल हाईवे 24 और डीएनडी की ओर डायवर्ट किया जा रहा है जिससे बारापुला जंक्शन पर पहुंचने वाली गाड़ियों की संख्या कम की जा सके. पुलिस और पीडब्ल्यूडी की ओर से कॉरिडोर की लेन कंफिगरेशन, मर्जिंग पॉइंट और ट्रैफिक मूवमेंट को रिव्यू किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- 12 साल की देरी, जमीनी विवाद और अब 15 मिनट का सफर... बारापुला फेज-3 खुलने से क्या-क्या मिलेगा फायदा?