भारत
RSSB New Chairman: राजस्थान स्टाफ सेलेक्शन बोर्ड के नए चेयरमैन के तौर पर सेना के रिटायर्ड अधिकारी मेजर जनरल आलोक राज को नियुक्त किया गया है.
डीएनए हिंदी: पेपर लीक और भर्तियों में देरी से परेशान राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) एक बार फिर से चर्चा में है. इस बार चर्चा की वजह काफी अच्छी है. राजस्थान सरकार ने मेजर जनरल आलोक राज (रिटायर्ड) को RSSB का नया अध्यक्ष बनाया है. ऐसा पहली बार हो रहा है कि सेना के किसी रिटायर्ड अधिकारी को इस बोर्ड का मुखिया बनाया जाए. सोशल मीडिया पर युवाओं ने उम्मीद जताई है कि मेजर जनरल आलोक राज के आने से भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ेगी. साथ ही, युवा अभ्यर्थियों को पेपर लीक और धांधली से भी निजात मिल सकेगी.
इससे पहले RSSB के अध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने कार्यकाल खत्म होने से दो महीने पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. 23 जुलाई को उनके इस्तीफे के बाद से यह पद खाली ही था. अब नए अध्यक्ष के रूप में मेजर जनरल आलोक राज के सामने कई भर्तियों को पूरी कराने और उनमें पारदर्शिता रखने की अहम चुनौती होगी. बता दें कि मेजर जनरल आलोक राज सेना में रहते हुए कई अहम पुरस्कारों और प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किए जा चुके हैं.
यह भी पढ़ें- औरतों की छाती का माप लेना अपमानजनक, पढ़ें राजस्थान हाईकोर्ट ने क्यों कहा
कौन हैं मेजर जनरल आलोक राज?
RSSB के नए अध्यक्ष बने आलोक राज 37 साल तक सेना में तमाम पदों पर रह चुके हैं. वह मेजर जनरल की रैंक से रिटायर हुए थे. 1983 में कमीशन पाने वाले आलोक राज ने अंगोला में विदेशी मिशन में भी काम किया था. वह तीन साल के लिए RSSB के अध्यक्ष बनाए गए हैं. मेजर जरनल आलोक राज अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित भी हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें- नेहरू मेमोरियल का नाम बदलने पर बोले राहुल गांधी, 'उनकी पहचान उनके कर्म हैं, उनका नाम नहीं'
RSSB में किन पदों पर होनी हैं भर्तिया
राजस्थान में महिला सुपरवाइजर, महिला बाल विकास में पर्यवेक्षक, जल संसाधन विभाग में पटवारी और जिलेदार, सामाजिक न्याय विभाग में अधीक्षक, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक, पशुधन परिचर, जल संसाधन, PHED और PWD जैसे विभागों में जेई के पदों जैसी अहम भर्तियां करानी हैं. इनमें से ज्यादातर भर्तियों की परीक्षाएं इसी साल सितंबर और अक्टूबर में होनी हैं.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.