भारत
Aarti Sathe: बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता और अधिवक्ता आरती साठे की बॉम्बे हाई कोर्ट में जज नियुक्ति की सिफारिश ने राजनीतिक गलियारों में बहस छेड़ दी है. एनसीपी ने इस पर न्यायिक निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए हैं.
Aarti Sathe: बॉम्बे हाई कोर्ट के लिए जज पद पर अधिवक्ता आरती साठे की नियुक्ति की सिफारिश ने एक नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा की गई इस सिफारिश पर सवाल उठाते हुए विपक्ष ने न्यायपालिका की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर चिंता जताई है. आरती साठे पूर्व में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी रही हैं, यही कारण है कि उनकी नियुक्ति को लेकर सियासी गलियारों में हलचल मच गई है.
बॉम्बे हाई कोर्ट के लिए अधिवक्ता आरती अरुण साठे की नियुक्ति की सिफारिश को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है. एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी राजनीतिक दल से सार्वजनिक रूप से जुड़ी रही व्यक्ति को उच्च न्यायपालिका में नियुक्त करना लोकतांत्रिक ढांचे के लिए चिंता का विषय है. उनका कहना है कि इससे न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 जुलाई को देश के छह हाई कोर्ट के लिए न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की थी. बॉम्बे हाई कोर्ट के लिए जिन नामों की सिफारिश की गई, उनमें अधिवक्ता आरती साठे, अजीत कडेथांकर और सुशील घोडेश्वर शामिल हैं. आरती साठे पहले भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता रही हैं. साथ ही वह मुंबई बीजेपी के विधि प्रकोष्ठ की प्रमुख भी थीं. हालांकि, उन्होंने जनवरी 2024 में सभी पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. रोहित पवार ने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा कर साठे के पूर्व राजनीतिक जुड़ाव को लेकर न्यायिक निष्पक्षता पर सवाल उठाए. हालांकि उन्होंने साठे की योग्यता पर कोई सवाल नहीं उठाया, लेकिन सिफारिश पर पुनर्विचार की मांग जरूर की.
यह भी पढ़ें: भारत को डेड इकॉनमी बता रहे थे डोनाल्ड ट्रंप, RBI गवर्नर ने दिया मुंहतोड़ जवाब- हम US से ज्यादा...
इस विवाद पर महाराष्ट्र बीजेपी ने पलटवार किया है. पार्टी प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि आरती साठे अब पार्टी से नहीं जुड़ी हैं और उनकी सिफारिश पूरी तरह योग्यता के आधार पर हुई है. उन्होंने रोहित पवार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और पूछा कि क्या कांग्रेस से जुड़े जजों की नियुक्तियों पर भी वो सवाल उठाएंगे? नवनाथ बन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लोकतंत्र में सभी को समान अवसर मिलने चाहिए और किसी की पूर्व राजनीतिक पृष्ठभूमि को आधार बनाकर न्यायिक नियुक्ति पर सवाल उठाना अनुचित है. आपको बता दें, आरती साठे के पिता अरुण साठे भी एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता और बीजेपी व आरएसएस से लंबे समय से जुड़े रहे हैं. वे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रह चुके हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.