Advertisement

'वोट की ताकत में कोई अमीर-गरीब नहीं', क्या है आर्टिकल 326 और 14 जिसका जिक्र कर जस्टिस उज्जल भुइयां ने 'SIR' पर की तीखी टिप्पणी?

सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस उज्जल भुइयां ने बिना एसआईआर का नाम लिए कहा कि ऐसी कोई प्रक्रिया जो लाखों नागरिकों को वोटिंग के अधिकार से वंचित करती है, वह संविधान की मूल व्यवस्था के खिलाफ है. इस दौरान उन्होंने आर्टिकल 14 और 326 का जिक्र किया...

Latest News
'वोट की ताकत में कोई अमीर-गरीब नहीं', क्या है आर्टिकल 326 और 14 जिसका जिक्र कर जस्टिस उज्जल भुइयां ने 'SIR' पर की तीखी टिप्पणी?

सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस उज्जल भुइयां की बिना नाम लिए SIR पर बड़ी टिप्पणियों की राजनीतिक गलियारे में चर्चा. (Image: IANS/NALSAR)

Add DNA as a Preferred Source
  • जस्टिस भुइयां बोले- 'जिस प्रक्रिया से लाखों नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित हो जाएं, वह मनमानी'
  • नालसार यूनिवर्सिटी में सु्प्रीम कोर्ट के जज जस्टिस उज्जल भुइयां की टिप्पणियों को SIR के जोड़कर देखा जा रहा
  • कांग्रेस ने जस्टिस भुइयां की टिप्पणियों का हवाला देकर CEC के तुरंत इस्तीफे की मांग की

देश में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर बहस और विरोध प्रदर्शन के बीच सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्जल भुइयां की एक टिप्पणी फिलहाल खूब चर्चा में है. रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को हैदराबाद की नालसार यूनिवर्सिटी में जस्टिस बी.आर. सावनी मेमोरियल मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रक्रिया की वजह से लाखों भारतीय नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो जाते हैं तो ऐसी प्रक्रिया मनमानी होगी और यह संविधान की मूल व्यवस्था के खिलाफ होगी. भले ही जस्टिस भुइयां ने अपने भाषण में एसआईआर का नाम नहीं लिया, लेकिन लोग उनकी टिप्पणी को एसआईआर से जोड़कर देख रहे हैं.

जस्टिस भुइयां के भाषण पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सीईसी ज्ञानेश कुमार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा- 'जस्टिस उज्जल भुइयां ने मुख्य चुनाव आयुक्त की पोल खोल दी. उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए.'

जस्टिस उज्जल भुइयां ने क्या कहा?

जस्टिस भुइयां ने मतदान के अधिकार को लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को दो वर्गों में नहीं बांटता जिसमें एक वर्ग के पास वोट देने का अधिकार हो और दूसरे के पास यह अधिकार न हो. उनके मुताबिक, अगर किसी प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों को वोट देने के अधिकार से वंचित कर दिया जाता है और वे अपने ही देश में वोट के अधिकार के बिना नागरिक बन जाते हैं, तो ऐसी प्रक्रिया अपने आप में मनमानी होगी.

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति संविधान के अनुच्छेद 14 और अनुच्छेद 326 से जुड़े संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ होगी. उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी अथॉरिटी संविधान से ऊपर नहीं है. जस्टिस भुइयां ने वोट के अधिकार को नागरिक की पहचान से जोड़ते हुए कहा कि किसी नागरिक के वोट देने या मतदाता सूची में शामिल होने के अधिकार को उससे अलग नहीं किया जा सकता. उन्होंने इसकी तुलना शरीर से आत्मा निकालने से की. उन्होंने कहा कि वोट की ताकत के मामले में कोई अमीर-गरीब नहीं है. चाहे अरबपति हो या रिक्शा चलाने वाला, दोनों के ही वोट की ताकत बराबर होती है. 

'कोई भी अथॉरिटी नहीं है संविधान के ऊपर'

कार्यक्रम में जस्टिस भुइयां ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए नागरिक का मतदान का अधिकार केंद्रीय महत्व रखता है. उन्होंने आगे कहा कि मृत मतदाता के मामले को छोड़कर वोटर लिस्ट में एक बार दर्ज किए गए नाम को बिना किसी सूचना या सुनवाई के हटाया नहीं जा सकता. सुप्रीम कोर्ट के जज ने कहा कि मतदान देने का अधिकार या मतदाता सूची में शामिल होने का अधिकार किसी भारतीय नागरिक के व्यक्तित्व से अलग नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा किया गया तो यह शरीर से आत्मा निकालने जैसा होगा.

जस्टिस भुइयां ने कहा कि मतदान का अधिकार भारत के विदेशी शासन के विरुद्ध कई साल के संघर्ष से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा- 'मतदान का अधिकार इतने संघर्ष और बलिदान के बाद हमें मिली स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति है. अनुच्छेद 326 (सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार) में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता. कोई भी अथॉरिटी ऐसा नहीं कर सकती और कोई भी कोर्ट इसे स्वीकार नहीं कर सकता है. कोई भी संविधान से ऊपर नहीं है.'

जस्टिस भुइयां के भाषण की अहम बातें

 

क्या वोटर लिस्ट से नाम हटाया ही नहीं जा सकता?

कानून में कुछ परिस्थितियों में मतदाता सूची से नाम हटाने का प्रावधान है. लेकिन जस्टिस भुइयां ने इस बात पर जोर दिया कि किसी जीवित मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे उचित प्रक्रिया के तहत नोटिस और अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए. उन्होंने रिप्रजेंटेशन ऑफ पिपल एक्ट, 1950 की धारा 22 का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में संबंधित व्यक्ति को सुनवाई का उचित अवसर दिया जाना चाहिए. मृत व्यक्ति के मामले को उन्होंने अलग माना.

क्या कहता है आर्टिकल 326?

भारतीय संविधान का आर्टिकल 326 लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव को वयस्क मताधिकार के आधार पर कराने से जुड़ा है. इसके मुताबिक, तय संवैधानिक और कानूनी शर्तें पूरी करने वाला भारतीय नागरिक वयस्क होने पर चुनाव में मतदाता के रूप में शामिल हो सकता है.

शुरुआत में भारत में मतदान की न्यूनतम उम्र 21 साल थी लेकिन बाद में 61वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1988 के जरिए इसे घटाकर 18 साल कर दिया गया. आज सामान्य नियम के तहत 18 साल या उससे ज्यादा उम्र का भारतीय नागरिक मतदाता बनने की पात्रता रखता है, लेकिन उसे मतदाता सूची में शामिल होने के लिए कानून में निर्धारित दूसरी शर्तें भी पूरी करनी होती हैं.

आर्टिकल 326 में ही कहा गया है कि चुनाव वयस्क मताधिकार के आधार पर होंगे, लेकिन संसद के बनाए गए कानून के तहत कुछ आधारों पर व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल होने से अयोग्य ठहराया जा सकता है. संविधान में गैर-निवास, मानसिक अस्वस्थता, अपराध या भ्रष्ट चुनावी आचरण जैसे आधारों का उल्लेख है.

क्या है आर्टिकल 14?

आर्टिकल 14 संविधान के मौलिक अधिकारों में शामिल समानता के अधिकार से जुड़ा है. इसका मूल सिद्धांत है कि राज्य किसी व्यक्ति को कानून के सामने समानता और कानूनों के समान संरक्षण से वंचित नहीं कर सकता. आर्टिकल 14 को समझने के 2 अहम हिस्से हैं- पहला है कानून के सामने समानता. इसका मतलब है कि कोई व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है. सभी लोग कानून के सामने समान हैं. दूसरा है कानून का समान संरक्षण. इसके अनुसार, समान परिस्थितियों में लोगों के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए. 

यह भी पढ़ें- हरदीप सिंह पुरी-बीएल वर्मा का राज्यसभा जाना तय! BJP की लिस्ट में कौन-कौन? भाजपा आज कर सकती है ऐलान

Advertisement
Advertisement

Advertisement