भारत
राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने आज बारिश के आसार जताए हैं. इसके साथ ही महाराष्ट्र और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. जबकि, राजस्थान में गर्मी का कहर जारी रहेगा.
राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज सुहाना हो गया है. जगह-जगह बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. रविवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिसके कारण सड़कें लबालब भर गईं. मौसम विभाग की मानें तो आज यानी सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है. हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी (40-50 किमी प्रति घंटे) और हल्की बारिश की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 41-44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, राजस्थान में गंभीर लू चलने के आसार है. मानसून का आसर अबतक राजस्थान तक नहीं पहुंचा है. मौसम विभाग की मानें तो आज, कई इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश के आसार हैं.
ये भी पढ़ें-Covid-19, इन्फ्लूएंजा और डेंगू के लक्षणों में क्या दिखता है अंतर? इन संकेतों पर दें ध्यान
महाराष्ट्र के कई हिस्सों, विशेष रूप से कोंकण और गोवा क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25-27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इसी के साथ केरल, कर्नाटक, उत्तराखंड में मॉनसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं. आज सभी जगहों पर आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.