भारत
केंद्रीय चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर उठाए सवालों के जवाब देते हुए स्थिति को साफ किया है. ईसीआई ने विस्तार से सवालों का जवाब दिया है.
भारत के चुनाव आयोग (ECI) ने मंगलवार को कहा कि हाल ही में संपन्न महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 'मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से जोड़े या हटाए' नहीं गए हैं. चुनाव आयोग का यह बयान कांग्रेस के उस बयान के जवाब में आया है, जिसमें उसने अंतिम मतदाता सूची से प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 'मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से हटाए जाने' और 10,000 से अधिक मतदाताओं के नाम जोड़े जाने का आरोप लगाया था.
चुनाव आयोग ने क्या दिया जवाब
पार्टी ने आगे दावा किया, 'मतदान के दिन शाम 5 बजे से लेकर रात 11:30 बजे तक चुनाव आयोग द्वारा घोषित अंतिम मतदाता प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई.' चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि शाम 5 बजे से रात 11:45 बजे तक मतदान में वृद्धि 'सामान्य' थी. चुनाव आयोग ने बताया कि नोटिस जारी करने के साथ ही फील्ड सर्वे कर ये सुनिश्चित किया गया कि या तो उन मामलों में मतदाता की मृत्यु हो गई है, या फिर उनका पता बदल गया है, या फिर वह उसे पते पर अब नहीं रह रहे हैं, उसके बाद ही उन मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए.
'डेटा को बदलना असंभव’
चुनाव निकाय ने कहा कि वास्तविक मतदाता मतदान को बदलना असंभव है, क्योंकि मतदान का विवरण देने वाला वैधानिक फॉर्म 17C मतदान केंद्र पर मतदान समाप्ति के समय उम्मीदवारों के अधिकृत एजेंटों के पास उपलब्ध होता है. ECI ने कहा कि महाराष्ट्र मतदाता सूची तैयार करने में पारदर्शिता के साथ नियम-आधारित प्रक्रिया का पालन किया गया और राज्य में मतदाताओं के नाम हटाने में कोई अनियमितता नहीं थी. चुनाव आयोग ने कांग्रेस को बताया कि मतदाता सूची तैयार करने में कांग्रेस प्रतिनिधियों की भागीदारी सहित उचित प्रक्रिया का पालन किया गया है.
यह भी पढ़ें - MP News: भोपाल के जहांगीराबाद में दो गुटों के बीच भड़की हिंसा, हाथों में तलवार लेकर भिड़ी भीड़, कई लोग घायल
'वेबसाइट पर उपलब्ध है डेटा'
चुनाव आयोग ने कांग्रेस को सूचित किया कि पार्टी द्वारा मांगे गए सभी आंकड़े, महाराष्ट्र के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से संबंधित हैं और फॉर्म 20 महाराष्ट्र की वेबसाइट पर उपलब्ध है और इसे डाउनलोड किया जा सकता है. अपने जवाब में चुनाव आयोग ने अपनी सावधानीपूर्वक, सहभागितापूर्ण और पारदर्शी प्रक्रियाओं पर सहयोग का आश्वासन दिया. आयोग ने सभी राजनीतिक दलों के साथ सहयोग के महत्व को रेखांकित किया और सुझावों का स्वागत किया.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.