भारत
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए भीषण नाव हादसे में जान गंवाने वालों में तमिलनाडु के सबसे अधिक 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटक शामिल हैं. भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह हरसंभव सहायता के लिए उपलब्ध है.
Vietnam boat accident: शनिवार, 11 जुलाई को वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के पलटने से कम से कम 15 भारतीयों की मौत हो गई. इसमें 13 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं. जिस समय हादसा हुआ, नाव पर कुल 36 लोग सवार थे. 21 लोगों को बचाकर अस्पताल ले जाया गया है जिसमें से दो की हालत गंभीर है. हादसे के बाद वियतनाम में भारतीय मिशन ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए कंट्रोल रूम बनाए हैं. यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:00 बजे हुई. अब हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों की सूची भारतीय दूतावास ने जारी कर दी है.
दूतावास की ओर से जारी सूची के अनुसार, मृतकों में तमिलनाडु के सेंथिल कुमार जयावेल, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, श्रीधर सुंदरराजन, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, बालाजी नटेसन, विनया कुमार चिथापुरम भास्करा, रविशंकर सुगुमारन, संतोष कुमार शांतीलालजैन, बाबू कुप्पुस्वामी, अलागुराजन सिवासामी शामिल हैं.
आंध्र प्रदेश के नल्लापेटा आदिसेशैया रवितेजा, श्रीधर मुदियम और जया लक्ष्मी गेल्ली शामिल हैं. केरल के एविकोट चेरियन थॉमस और लोवेनी थॉमस की मौत भी हादसे में हुई है. भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह सूची वियतनामी अधिकारियों से प्राप्त हुई है. कहा गया है कि हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता के लिए उपलब्ध हैं.
In a tragic incident, a boat carrying several Indian tourists has capsized near Phu Quoc Island in Vietnam a few hours ago.
Exact details of the incident are being ascertained as search and rescue operations by local authorities are ongoing.
In order to provide information…— India in Vietnam (@AmbHanoi) July 11, 2026
स्थानीय समाचार वेबसाइट वीएनएक्सप्रेस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक टूर गाइड और चालक दल के चार सदस्य सवार थे. रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद वह पलट गई. स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.
भारतीय दूतावास के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है और वियतनामी प्रशासन की ओर से खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है. प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
हादसे में जिंदा बचे लोगों ने मीडिया को बताया कि नाव 'होन मे रुट नगोई' द्वीप से 'एन थोई' बंदरगाह के लिए निकली थी. नाव एक बंद स्पीडबोट थी जो चलने के तीन मिनट के भीतर ही वह पलट गई. नाव के पलटने के बाद आगे बैठे यात्री खिड़की से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि पीछे बैठे लोग डूब गए. लगभग 20 लोग आगे की खिड़की से कूदकर नाव से बाहर निकले. पीछे बैठे 15 लोग नाव के अंदर ही फंस गए जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई.