भारत
नितिन नवीन की टीम में राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और तारिक मंसूर को जगह दी गई है.
भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया है. नितिन नवीन की इस टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राम माधव को भी जगह मिली है. इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी इसमें शामिल किया गया है. ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को भी इसमें जगह मिल सकती है, हालांकि उन्हें फिलहाल बीजेपी संगठन में नहीं लाया गया है.
किसे-किसे मिली राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी?
राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और तारिक मंसूर, गुजरात से श्रीमती वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, कर्नाटक से एम. नागराज और पश्चिम बंगाल से मधुचंद्र कर को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
स्मृति ईरानी और सतीश पूनिया बने राष्ट्रीय महामंत्री
इसके अलावा बीएल संतोष को बीजेपी संगठन की जिम्मेदारी गई है. शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-महामंत्री बनाया गया है. महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, दिल्ली से सुनीलबंसल, त्रिपुरा से बिप्लव कुमार देव, उत्तर प्रदेश से स्मृति ईरानी, राजस्थान से सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश से गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश से हरीश द्विवेदी और हरियाणा से संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाते हुए संगठन में लाया गया है.
कौन-कौन बना राष्ट्रीय मंत्री?
मध्य प्रदेश से आने वालीं और राज्यसभा की सांसद कविता पाटीदार, केरलम से आने वाले के. सुरेंद्रन को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है. बता दें कि बीजेपी ने के. सुरेंद्रन को ही राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड सीट पर चुनाव में उतारा था. इसके अलावा बुलंदशहर से सांसद डॉ. भोला सिंह, झारखंड से आने वाले प्रदीप वर्मा, गुजरात से आने वाले जगदीश ईश्वरभाई पटेल, आम आदमी पार्टी से बीजेपी में आए संदीप पाठक, नागालैंड से श्रीमती फांग्नोन कोन्यक, यूपी से आने वालीं और राज्यसभा की सांसद संगीता यादव, केरलम् में एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी, तमिलनाडु से एम. वेंकटेशन, बंगाल की अलीपुरद्वार से सांसद मनोज टिग्गा को भी नितिन नवीन की टीम में जगह मिली है.
बिहार में बीजेपी के उपाध्यक्ष रह चुके सिद्धार्थ शंभु, दिल्ली से स्वदेश सिंह, असम से मृगंका देव बर्मन, गुजरात से रोहन गुप्ता और दिल्ली से सांसद जय प्रकाश को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है.
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी मिली है. उत्तराखंड से आने वाले महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री का पदभार मिला है. ओडिशा की पुरी से सांसद संबित पात्रा को भी संगठन में जगह मिली है, उन्हें नॉर्थ-ईस्ट का संयोजक बनाया गया है. राजीव बब्बर को नॉर्थ-ईस्ट का सहसंयोजक और एमपी से आने वाले वीडी शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है. बिहार से आने वाले ऋतुराज सिन्हा और आंध्र से विष्णु वर्धन रेड्डी को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है.
बीजेपी के अलग-अलग मोर्चे की कमान किसे मिली?
युवा मोर्चा का अध्यक्ष गुजरात से आने वाले हेमांग जोशी, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष यूपी से राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, किसान मोर्चा की जिम्मेदारी एमपी से आने वाले बंसीलाल गुर्जर, एससी मोर्चा की बिहार के शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा की जिम्मेदारी राजस्थान के मुन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी यूपी के कुंवर बासित अली को सौंपी गई है.
अनिल बलूनी को फिर मीडिया की जिम्मेदारी
उत्तराखंड से सांसद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है. आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है. सोशल मीडिया संयोजक छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को बनाया गया है. प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया टीम में सह-संयोजक बनाया गया है.
ये भी पढ़ें- शहजाद पूनावाला पहले ही दे चुके थे इस्तीफा, फिर BJP छोड़ने का क्यों किया ऐलान?