भारत
जम्मू-कश्मीर में मानसूनी बारिश के कारण आज भूस्खलन हुआ, जिससे माता वैष्णो देवी का मंदिर मार्ग अवरूद्ध हो गया. छकटरा जाने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. भूस्खलन का कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग प्रभावित हो गया है और राहत- बचाव अभियान जारी है.
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर जारी है. डोडा में भूस्खलन के बाद मची तबाही में 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं दूसरी तरफ रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर का प्रमुख मार्ग भी भूस्खलन की चपेट में आया है. यहां कम से कम छह लोग घायल बताए जा रहे हैं. भूस्खलन की वजह से वैष्णों देवी यात्रा कुछ समय के लिए रोक दी गई है.
पूरे जम्मू-कश्मीर में बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. डोडा और किश्तवाड़ को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 244 पर भारी बारिश, भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण सड़क का एक हिस्सा बह जाने के बाद यातायात को रोक दिया गया है. जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में स्थिति 'काफी गंभीर' है. उन्होंने जानकारी दी कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है.
भारी बारिश को देखते हुए रेलवे ने करीब 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. वहीं, रामबन ज़िले के चंदरकोट, केला मोड़ और बैटरी चश्मा में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के बाद यातायात को रोक दिया गया है. जबकि उधमपुर और काजीगुंड में भी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. प्रमुख नदियां तवी और रावी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
यह भी पढ़े: एग्जाम फीस में बढ़ोतरी से लेकर नए पेपर की शुरुआत तक, जानें क्या हुए बड़े बदलाव
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में 27 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और अगले 40 घंटों में बारिश के पूर्वानुमान के बीच जम्मू संभागीय आयुक्त की ओर से जिलावार हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है.
Jammu Divisional Commissioner issues district-wise helpline numbers amid a forecast of moderate to heavy rainfall over the next 40 hours. The water levels of the Basantar, Tawi, and Chenab rivers are at alert level. Residents and visitors are advised to stay away from riverbanks… pic.twitter.com/EBGCL1wwcJ
— Press Trust of India (@PTI_News) August 26, 2025
मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में 5 सितंबर तक बारिश का अनुमान लगाया है. 26 अगस्त की रात में दक्षिण कश्मीर में भारी बारिश का अनुमान है. 27 से 29 अगस्त तक कई इलाकों में गरज-बरस का अनुमान है. 30 अगस्त से 1 सितंबर तक हल्की बारिश हो सकती है, वहीं 2 से 5 सितंबर तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि संवेदनशील इलाकों में फ्लैश फ्लड आ सकता है. विभाग ने जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है कि ऐसे इलाकों में जाने से बचें. इसके साथ ही विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव की संभावना भी जताई है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.