भारत
सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र से बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है. यहां पर पत्थर खनन के दौरान बड़ा हादसा हुआ जिसमें करीब 15 लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका हैं. वही 1 मजबूर का शव मिलने की भी खबर है.
सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र से बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है. यहां पर पत्थर खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. बताया जा रहा हैं कि इस दुर्घटना में लगभग 15 लोगों के मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. जबकि एक मजदूर का शव बरामद किया गया है. यहां पर अचानक पहाड़ी धंसने से कई मजदूर और एक कंप्रेशर ऑपरेटर मलबे में दब गया. फिलहाल बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है. हादसे के तुरंत बाद मिर्जापुर से एसडीआरएफ की टीम रवाना हो चुकी थी, जो सोनभद्र घटनास्थल पर पहुंच गई है.
बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. हालांकि मलबा काफी भारी और ऊंचाई से गिरा है, इसलिए रेस्क्यू को तेजी से शुरू करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है मौके की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है. सोनभद्र के जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि "पिछड़ा माइन्स क्षेत्र में दीवार जैसी संरचना गिरने की सूचना मिली है, जिसके चलते कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. पुलिस कप्तान भी मौजूद हैं और सभी एजेंसियां मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं."
जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्यवाई
जिलाधिकारी ने ये स्पष्ट किया है कि अभी किसी की भी आधिकारिक मौत की पुष्टि नहीं हुई हैं. उन्होंने बताया, "घटना कैसे हुई, इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी. यह भी पता लगाया जाएगा कि खनन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं." इस घटना पर यूपी के राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ ने दुख जताते हुए कहा है कि "जबकि आज भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती का कार्यक्रम था, लेकिन लापरवाही के कारण इतना बड़ा हादसा हो गया. हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं. मुआवजा दिलवाया जाएगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी."
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.