भारत
Bareilly News: बरेली हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा सहित कई अन्य लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. घटनास्थल से चाकू, तमंचे, ब्लेड और पेट्रोल की बोतलें बरामद की गई हैं.
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बीते शुक्रवार को हुई हिंसा के मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस मामले में कुल 8 लोग गिरफ्तार किए गए हैं और 10 FIR दर्ज की गई हैं. बरेली पुलिस ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद कुछ लोग शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप किया और स्थिति को काबू में किया.
दरअसल, जांच में सामने आया है कि पिछले 7 दिनों से इस हिंसा की साजिश चल रही थी और इसमें बाहरी लोग भी शामिल थे. मौके से चाकू, तमंचे, ब्लेड और पेट्रोल की बोतलें बरामद की गई हैं. एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि मामले की साजिश पहले से ही पकड़ी गई थी और कार्रवाई समय पर की गई.
मीडिया से बातचीत करते हुए डीएम बरेली, अविनाश सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने पहले ही इस योजना के बारे में जानकारी मिल गई थी और शहर में बीएनएसएस धारा 163 लागू कर दी थी. जिसके तहत बिना अनुमति कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं होने दिया गया. डीएम ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा और उनके प्रतिनिधि नदीम और नफीज से कई बार बैठक की गई और उन्हें कानूनी नियमों के बारे में समझाया गया.
डीएम ने आगे बताया कि मुलाकात के बाद मौलाना और उनके प्रतिनिधियों ने पत्र देकर अपनी योजना रोकने का आश्वासन दिया था. लेकिन जुमे की नमाज़ के बाद कुछ लोग नियम तोड़कर इस्लामिया इंटर कॉलेज की ओर जाने की कोशिश करने लगे. जब उन्होंने कानून अपने हाथ में लेने और शांति भंग करने की कोशिश की, तब पुलिस ने बल का प्रयोग किया. फिलहाल पूरे इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है ताकि अफवाह और गलत सूचना फैलने से रोका जा सके. पुलिस की कार्रवाई से इलाके में स्थिति अब नियंत्रण में है. अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.