भारत
इस घटना ने मंदिर परिसर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया. महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है.
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को पूजा के दौरान मंदिर के पुजारी महेश शर्मा और गोरखपुर के महंत शंकरनाथ महाराज के बीच विवाद हो गया. गर्भगृह में दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई तक मामला पहुंच गया. यह विवाद संतों के पहनावे और पगड़ी उतारकर गर्भगृह में प्रवेश करने के नियम को लेकर शुरू हुआ, जो जल्द ही नोकझोंक और धक्का-मुक्की में बदल गया.
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के महंत शंकरनाथ और उज्जैन के महंत महावीर नाथ बुधवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे. इस दौरान मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने गर्भगृह में प्रवेश के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने और पगड़ी उतारने के लिए कहा. इस बात पर दोनों महंतों ने आपत्ति जताई. जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की और गाली गलौज में बदल गई.
एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
पुजारी महेश शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के लिए एक निर्धारित ड्रेस कोड है, जिसका पालन सभी श्रद्धालुओं, चाहे वे संत हों या सामान्य भक्त, को करना अनिवार्य है. उन्होंने आरोप लगाया कि महंत महावीर नाथ ने ड्रेस कोड का पालन करने से इनकार करते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया और अभद्र व्यवहार किया.
उज्जैन महाकाल मंदिर के गर्भगृह में संत एवं पुजारी के मध्य पूजन को लेकर झूमा झुटकी हो गई ।
— Mr.Binod (@Mr__binod) October 22, 2025
यहाँ तक की बात इतनी बढ़ गई की गाली गलौज भी दोनों के मध्य हो गई । pic.twitter.com/TX2x6enotm
वहीं, महंत महावीर नाथ ने दावा किया कि साधु-संत किसी भी वेश-भूषा में मंदिर में दर्शन के लिए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पगड़ी "महाकाल बाबा की देन" है और मंदिर में प्रवेश पर कोई पाबंदी नहीं होनी चाहिए. महंत ने पुजारी महेश शर्मा पर भी अभद्र भाषा और व्यवहार का आरोप लगाया.
CCTV फुटेज के आधार पर होगा एक्शन
इस घटना ने मंदिर परिसर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया. महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि घटना की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है. दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति, चाहे वह कोई भी हो, के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.