भारत
राजस्थान के उदयपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक नर्सिंग छात्रा का शव होटल में मिला. पुलिस के अनुसार, लड़की के प्रेमी ने उसे आखिरी बार मिलने के लिए बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी.फिर उसने अपनी नस भी काट ली.
झीलों की नगरी उदयपुर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम प्रसंग खून-खराबे पर खत्म हो गया. हिरणमगरी इलाके की 22 वर्षीय छात्रा निकिता त्रिवेदी की उसके प्रेमी विजय भोई ने एक होटल में हत्या कर दी और खुद भी हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन जब वह दर्द सहन नहीं कर सका तो खुद ही अस्पताल पहुंच गया.
दरअसल घटना सोमवार रात परशुराम चौराहा स्थित होटल कासा गोल्ड की है. पुलिस के मुताबिक विजय ने निकिता को आखिरी बार मिलने के बहाने होटल में बुलाया था. वहां किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई. गुस्से में आकर विजय ने निकिता का सिर दीवार पर दे मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फिर आरोपी ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की. लेकिन वह दर्द सहन नहीं कर सका और पास के अस्पताल में भर्ती हो गया.
अगले दिन मंगलवार की सुबह जब होटल स्टाफ ने कमरा खोला तो अंदर निकिता का खून से लथपथ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे डीएसपी छगन पुरोहित व थानाधिकारी भरत योगी ने एफएसएल टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया. बता दें कि निकिता मूल रूप से ऋषभदेव की रहने वाली थी और उदयपुर में अपने भाई के पास रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी.
इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान सेक्टर 3 निवासी डांसर विजय भोई से हुई. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन जब निकिता के परिवार वालों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने उसकी सगाई कहीं और कर दी. सगाई के बाद निकिता ने विजय से दूरी बना ली, जिसे विजय बर्दाश्त नहीं कर सका, और उसे आखिरी बार मिलने बुलाया जहां उसकी हत्या कर दी.
फिलहाल आरोपी विजय अस्पताल में है, पुलिस उस पर नजर रख रही है, साथ ही होटल स्टाफ से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने जब्त कर ली है.थाना प्रभारी भरत योगी ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और प्रेम प्रसंग, पारिवारिक दबाव और रिश्तेदारों जैसे कई पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पुलिस मामले की तह तक पहुंच जाएगी.