Advertisement

किसने मचाई चीन में तबाही? सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए 10 लाख लोग, रद्द की गईं 1400 उड़ानें

Typhoon Dolphin China: डॉल्फिन तूफान ने चीन में तबाही मचाई है. पूर्व चीन में 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. वहीं शंघाई में 1400 उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं. मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

किसने मचाई चीन में तबाही? सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए 10 लाख लोग, रद्द की गईं 1400 उड़ानें

 तूफान के कारण उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं. (इमेज क्रेडिट - AI) 
 

Add DNA as a Preferred Source
  • डॉल्फिन तूफान ने चीन में भारी तबाही मचाई है 
  • पूर्वी चीन में तूफान का असर सबसे ज्यादा है  
  • कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है
  • एडवाइजरी जारी की गई है और उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं

Typhoon Dolphin China: चीन में तूफान डॉल्फिन ने भारी तबाही मचाई है. 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और 1400 उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं. शंघाई समेत पूर्वी चीन के कई इलाकों में डॉल्फिन ने कहर बरपाया है. डॉल्फिन कल शाम करीब 5:30 बजे झेजियांग प्रांत के युहुआन में तट से टकराया, उस समय हवा की स्पीड 150 किमी/घंटा तक थी. इसके लगभग एक घंटे बाद तूफान वेनझोऊ के पास दूसरी बार पहुंचा.

आगे बढ़ने के साथ ही तूफान कमजोर पड़ गया है, लेकिन कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा अभी बना हुआ है. इसलिए अधिकारी अभी भी हाई अलर्ट मोड पर हैं. रविवार को तूफान के तट से टकराने के बाद शंघाई समेत पूर्वी चीन के कई इलाकों से 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया 

रद्द की गईं 1400 उड़ाने

जिन इलाकों से तूफान गुजरा वहां से कहीं दूर तक इसका असर महसूस किया गया. पूर्वी चीन में ट्रांसपोर्ट नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ और अकेले शंघाई में ही लगभग 1,400 उड़ानें रद्द कर दी गईं. चीन ने पहले डॉल्फिन के तट के करीब पहुंचने पर इसे अपने सबसे ऊंचे स्तर के रेड तूफान अलर्ट में रखा था. सोमवार सुबह तक, तूफान कमजोर पड़ गया. 

अभी नहीं टला है खतरा 

तूफान कमजोर होने के बाद भी अभी खतरा टला नहीं है. मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि तूफान के कारण भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का सिलसिला बुधवार तक जारी रह सकता है. खासकर उन इलाकों में जो पहले से ही इससे प्रभावित हैं. 

7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट 

मौसम वैज्ञानिकों ने आज शेंडोंग, हेनान, हुबेई, अनहुई, जियांग्सू और झेजियांग के साथ-साथ शंघाई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से घर के अंदर रहने और बिना जरूरत के यात्रा न करने की अपील की है, जबकि इमरजेंसी टीमें बाढ़ और भूस्खलन के खतरे निगरानी कर रही हैं. 

बंद किए गए पर्यटन केंद्र 

तूफान के आने से शंघाई में पर्यटन पर भी असर पड़ा है. कई प्रमुख पर्यटन केंद्र बंद कर दिए गए, जिनमें डिज्नीलैंड और लेगोलैंड के कुछ हिस्से शामिल हैं. साथ ही शहर के मशहूर 'बंड' (Bund) के नजारे देखने वाले प्लेटफॉर्म भी बंद कर दिए गए हैं. वहीं 1500 से ज्यादा इमरजेंसी शेल्टर खोले गए हैं.

इन देशों में भी डॉल्फिन ने बरपाया कहर  

चीन से पहले डॉल्फिन जापान के दक्षिणी ओकिनावा इलाके से गुजरा और इस दौरान 6 लोग घायल हो गए और 50,000 से अधिक इमारतों की बिजली गुल हो गई. वहीं फिलीपींस में इस तूफान के असर से उत्तरी हिस्से में भारी बारिश हुई, जिस कारण मनीला के आस-पास के इलाकों समेत उत्तरी लुजोन क्षेत्र के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई.

कब-कब तूफान से प्रभावित हुआ शंघाई?

इससे पहले साल 2024 में शंघाई में 75 वर्षों के बाद सबसे भीषण तूफान बेबिंका आया था, जिसने भारी तबाही मचाई थी. उस समय शहर के दो प्रमुख हवाई अड्डों से उड़ानों का संचालन बंद कर दिया गया था, जिस कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द हो गईं थी. वहीं ट्रेन सेवाएं भी रद्द कर दी गईं और हाईवे को बंद कर दिया गया था. 152 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थी. 

ये भी पढ़ें - बीमार है श्यामू हाथी... कैसे होगी आज महाकाल की शाही सवारी? टूट गई 46 वर्ष पुरानी परंपरा

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement