भारत
Patna: बिहार सरकार ने सफाई और स्वच्छता की ट्रेनिंग को लेकर पटना में 'टॉयलेट कॉलेज' खोलने जा रही है. यह कॉलेज सिंगापुर मॉडल पर आधारित होगा.
Patna: बिहार की राजधानी पटना में अब सफाई और स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही है. सिंगापुर के मॉडल पर आधारित 'टॉयलेट कॉलेज' मीठापुर में खोलने की तैयारी की जा रही है. इसका मकसद न सिर्फ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, बल्कि सफाई से जुड़ी आधुनिक और वैज्ञानिक ट्रेनिंग भी देना है. आपको बता दें, इससे पहले वाराणसी और ऋषिकेश में भी ऐसे कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है, अब बिहार की बारी है.
बिहार सरकार के नगर विकास विभाग ने पटना में 'टॉयलेट कॉलेज' खोलने की योजना को अंतिम रूप दे दिया है. इस कॉलेज की शुरुआत राजधानी के मीठापुर इलाके में की जाएगी. नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार ने हाल ही में एक समीक्षा बैठक में इस बात की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह कॉलेज सिंगापुर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जहां साफ-सफाई के प्रति वैज्ञानिक तरीके से लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा.
दरअसल, कुछ समय पहले नगर विकास विभाग के अधिकारी सिंगापुर दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने देखा कि वहां एक विशेष यूनिवर्सिटी स्वच्छता पर केंद्रित है. इसी से प्रेरित होकर यह फैसला लिया गया कि बिहार में भी ऐसा एक संस्थान खोला जाए, ताकि राज्य में स्वच्छता का स्तर सुधारा जा सके.
कॉलेज में सबसे पहले 'स्वच्छता वॉलेंटियर्स' को थ्योरी और प्रैक्टिकल के जरिए ट्रेनिंग दी जाएगी. साथ ही सफाईकर्मियों को यह बताया जाएगा कि किस प्रकार के उपकरण और उत्पादों का सही उपयोग कैसे करना है. यहां से पास होने वाले प्रशिक्षुओं को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा, ताकि वे समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का काम कर सकें. सरकार का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ शहरों की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. कॉलेज की सफलता के बाद इसे अन्य शहरों में भी शुरू करने की योजना है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.