भारत
पटना के गांधी मैदान में रैली के दौरान तेजस्वी यादव के पास अचानक ड्रोन गिरने से हड़कंप मच गया. सुरक्षा बलों ने ड्रोन जब्त किया और भाषण कुछ देर रुकने के बाद फिर शुरू हुआ.
बिहार विधानसभा चुनावों की तैयारी जोरों पर है और राजनीतिक गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है. इस बीच पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक अहम रैली के दौरान एक अप्रत्याशित घटना घटी. 'वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ' रैली के दौरान राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उस वक्त चौंक गए जब एक ड्रोन मंच के पास आकर गिर गया. यह घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
रैली के दौरान गांधी मैदान में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ड्रोन मंच की ओर तेजी से बढ़ता हुआ नजर आया और तेजस्वी यादव के बेहद करीब जा गिरा. यह ड्रोन रैली को कवर करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के चलते वह नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे उस मंच के पास आ गया जहां तेजस्वी यादव भाषण दे रहे थे.
वीडियो फुटेज में साफ दिखाई देता है कि ड्रोन की आवाज सुनते ही तेजस्वी यादव सतर्क हो गए और तुरंत खुद को थोड़ा झुकाकर संभावित खतरे से बचाया. मंच पर मौजूद अन्य नेता भी कुछ क्षणों के लिए चौंक गए, लेकिन जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया. सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ड्रोन को जब्त कर लिया और मंच के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: भारत के वो 5 सबसे महंगे इलाके, जहां घर खरीदने के लिए पूरी जिंदगी की कमाई भी पड़ जाए कम
इस घटना के बावजूद तेजस्वी यादव ने संयम बनाए रखा और थोड़ी देर के विराम के बाद उन्होंने दोबारा भाषण शुरू किया. वहीं, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग इसे सुरक्षा में चूक का संकेत मान रहे हैं. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ड्रोन की दिशा क्यों भटकी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.