भारत
संगीता सोर्नालिंगम वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल हुईं और उन्होंने कोर्ट को बताया कि अब इस मामले को बंद करना चाहती हैं, इसलिए वह अपनी तलाक की अर्जी वापस ले रही हैं.
एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के साथ अफेयर की खबरों के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने तलाक की अर्जी वापस ले ली है. चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट ने कहा कि संगीता अब इस मामले को और खींचना नहीं चाहती हैं. शुक्रवार (7 अगस्त, 2026) को संगीता सोरनालिंगम वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल हुईं और उन्होंने कोर्ट को बताया कि अब इस मामले को बंद करना चाहती हैं, इसलिए वह अपनी तलाक की अर्जी वापस ले रही हैं.
संगीता सोरनालिंगम ने फरवरी में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी, जिसमें उन्होंने विजय के एक एक्ट्रेस के साथ अफेयर के आरोप लगाए थे. हालांकि, हाल ही में ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं, जिनमें बताया गया कि कपल के बीच सुलह करवाने के लिए विजय के परिवार ने बात की, जिसके बाद दोनों के बीच तनाव कम होने की खबरें भी हैं. मामले को अदालत के बाहर सुलझाने की भी रिपोर्ट्स आई थीं, जिनमें दावा किया गया था कि विजय संगीता और बच्चों के लिए 240 करोड़ रुपये एलमनी के तौर पर देने के लिए तैयार हैं.
संगीता ने अपनी तलाक की अर्जी में आरोप लगाया था कि विजय का साल 2021 से एक एक्ट्रेस के साथ एक्सट्रा मैरिटल अफेयर है. उनका दावा है कि उन्होंने रिलेशनशिप पर आपत्ति भी जताई थी, जिसके बाद विजय ने रिश्ता खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं. संगीता ने कहा कि इस सबने उन्हें भावनात्मक पीड़ा पहुंचाई है.
संगीता का यह भी दावा है कि विजय पांच साल से भी ज्यादा समय से एक्ट्रेस के साथ अलग घर में भी रह रहे हैं. इतना ही नहीं याचिका के अनुसार विजय एक्ट्रेस के साथ विदेश भी जाते थे और दोनों की साथ में तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि इसकी वजह से उन्हें और उनके बच्चों को शर्मिंदगी उठानी पड़ी. विजय और संगीता की साल 1999 में शादी हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं.
विजय और तृष्णा कृष्णन के अफेयर की काफी समय से अफवाह है. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) के जबरदस्त प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पोस्ट से लेकर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने तक बार-बार तृषा कृष्णन का नाम विजय से जोड़ा जाता है. जब टीवीके चुनाव जीती थी तो उसके बाद तृष्णा कृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो पोस्ट की थी और उसके साथ कैप्शन में लिखा- द लव इज ऑलवेज लाउडर. इस पोस्ट को विजय की जीत से लिंक किया गया था. सीएम के तौर पर विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी तृषा पहुंची थीं, तब भी दोनों के अफेयर की काफी चर्चा हुई थी. हालांकि, विजय की पत्नी और बच्चे शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुए थे, इसके पीछे भी तृषा की मौजूदगी को ही वजह माना जा रहा था.
यह भी पढ़ें:- SC-ST रिजर्वेशन में क्यों लागू नहीं हो सकता 'क्रीमी लेयर'? सरकार ने बताया