भारत
कोटा में इस बार 215 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार हुआ है, जो दुनिया का सबसे बड़ा खड़ा पुतला माना जा रहा है. सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
2 अक्टूबर को देशभर में दशहरा बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा. इस बार कोटा में तैयार किया गया 215 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र बन चुका है. कोटा का यह पुतला इस साल 132वें राष्ट्रीय दशहरा मेले के लिए बनाया गया है. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के सुझावों के अनुसार इसे भव्यता और आकर्षण को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी के अनुसार, पिछले वर्षों में यहां 72–75 फीट तक के रावण बनाए जाते थे, लेकिन इस बार ऊंचाई 215 फीट तक पहुंच गई है.
नगर निगम के अभियंताओं ने ड्रोन के माध्यम से पुतले का माप किया और पाया कि इसकी ऊंचाई 215 फीट से अधिक है. दशहरा के दिन इंडिया बुक और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि पुतले का औपचारिक माप करेंगे और प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे.
बताते चलें, दिल्ली में वर्तमान में सबसे ऊंचे रावण पुतले का रिकॉर्ड 210 फीट का है. वहीं, 2019 में चंडीगढ़ में 221 फीट का पुतला बनाया गया था, लेकिन वह खड़ा नहीं रह सका और रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो पाया. कोटा का यह पुतला अब तक का सबसे ऊंचा रावण पुतला बन चुका है. मेलाअधिकारियों ने बताया कि पुतले के दहन के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. लोग दशहरा के दिन इस ऐतिहासिक पुतले के दर्शन और भव्य दहन का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में आने की उम्मीद कर सकते हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से