Advertisement

मणिपुर हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम, 27 CBI केसों को गुवाहाटी HC किया ट्रांसफर

Manipur violence: सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सीबीआई मामलों से संबंधित पीड़ित, गवाह और अन्य लोग अगर ऑनलाइन उपस्थित नहीं होना चाहते हैं तो वे गोवाहाटी हाईकोर्ट में प्रत्यक्ष उपस्थिति हो सकते हैं.

मणिपुर हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम, 27 CBI केसों को गुवाहाटी HC किया ट्रांसफर

Supreme Court on Manipur Violence

Add DNA as a Preferred Source

डीएनए हिंदी: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मणिपुर हिंसा मामले में बड़ा कदम उठाया. सुप्रीम कोर्ट इस हिंसा से जुड़े 27 सीबीआई मामलों को सुनवाई के लिए पड़ोसी राज्य असम में ट्रांसफर कर दिया. सर्वोच्च अदालत ने गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से मामलों की सुनवाई के लिए एक या अधिक न्यायिक अधिकारियों को नामित करने को कहा है. 

चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कई निर्देश देते हुए कहा कि आरोपियों की पेशी, रिमांड, न्यायिक हिरासत और इसके विस्तार से संबंधित न्यायिक कार्रवाई गुवाहाटी में एक विशेष अदालत में ऑनलाइन आयोजित की जाएगी. निर्देश में कहा गया है कि आरोपियों को अगर न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है या जब भी ऐसा किया जाएगा तो उन्हें गुवाहाटी स्थानांतरण से बचने के लिए मणिपुर में ही न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा.

इसे भी पढ़ें- 'प्यार-कत्ल और आजीवन कारावास', पढ़ें पूर्वांचल के बाहुबली अमरमणि त्रिपाठी के 'काले कारनामे'

पीठ ने कहा कि सीबीआई मामलों से संबंधित पीड़ित, गवाह और अन्य लोग अगर ऑनलाइन उपस्थित नहीं होना चाहते हैं तो वे विशेष गोवाहाटी अदालत में प्रत्यक्ष उपस्थिति हो सकते हैं. पीठ ने मणिपुर सरकार को गौहाटी अदालत में ऑनलाइन मोड के माध्यम से सीबीआई मामलों की सुनवाई की सुविधा के लिए उचित इंटरनेट सेवाएं प्रदान करने का निर्देश दिया. शीर्ष अदालत ने 21 अगस्त को मणिपुर में जातीय हिंसा के पीड़ितों के राहत और पुनर्वास की निगरानी के लिए न्यायमूर्ति गीता मित्तल समिति नियुक्त की थी. दस से अधिक मामलों को सीबीआई को स्थानांतरित कर दिया गया था. इनमें उन दो महिलाओं के बर्बर यौन उत्पीड़न से संबंधित मामला भी शामिल है, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था.

हिंसा में कई लोगों ने खोए अपने दस्तावेज
सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त समिति ने आशंका जताई है कि मणिपुर में जातीय संघर्ष के दौरान यहां के कई निवासी अपने पहचान दस्तावेज खो चुके होंगे. विस्थापितों को पहचान पत्र उपलब्ध हों और पीड़ितों के लिए मुआवजा योजना का विस्तार हो सके, यह सुनिश्चित करने के लिए समिति ने इस संबंध में शीर्ष अदालत से राज्य सरकार और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) सहित अन्य को निर्देश देने का अनुरोध किया है.

समिति ने अपनी कार्यप्रणाली को सुविधाजनक बनाने के लिए पहचान दस्तावेजों के पुनर्निर्माण, मुआवजे के उन्नयन और विशेषज्ञों की नियुक्ति की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए तीन रिपोर्ट प्रस्तुत की थीं. बहुसंख्यक मेइती समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में ‘जनजातीय एकजुटता मार्च’ आयोजित किए जाने पर राज्य में तीन मई को पहली बार जातीय हिंसा भड़कने के बाद से 160 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं. (इनपुट- भाषा)

देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगलफ़ेसबुकट्विटर और इंस्टाग्राम पर.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement