Advertisement

महाराष्ट्र में सुखबीर सिंह बादल पर किसने किया अटैक? स्वर्ण मंदिर में भी SAD चीफ पर चली थी गोली

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं. फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) से इस घटना के बारे में जानकारी मांगी. आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है.

Latest News
महाराष्ट्र में सुखबीर सिंह बादल पर किसने किया अटैक? स्वर्ण मंदिर में भी SAD चीफ पर चली थी गोली

सुखबीर सिंह बादल पर किसने किया हमला? (फोटो- AI)

Add DNA as a Preferred Source
  • पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से हमला हुआ है. 
  • SAD चीफ पर गुरुद्वारे से बाहर निकलते समय हमला किया गया.
  • सुखबीर बादल पर साल 2024 में स्वर्ण मंदिर में सेवा करते हुए भी गोली चली थी. 

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला हुआ है. SAD चीफ नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक गुरुद्वारे में पहुंचे थे, जहां एक निहंग ने धारदार हथियार (कृपाण) से उन पर अटैक कर दिया. इस हमले में सुखबीर सिंह के बादल के दाहिने हाथ में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें प्राइवेट यशोसाई अस्पताल ले जाया गया है. फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं. पुलिस ने आरोपी हमलावर को हिरासत में लिया है. 

एनडीटीवी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल पर ये हमला नांदेड़ के तख्त श्री हजूर साहिब गुरुद्वारे में हुआ, जब वो प्रार्थना करने के बाद सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे. बादल अपने परिवार के साथ इस प्रसिद्ध गुरुद्वारे में आए थे. हमले के समय सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी उनके साथ थीं. 

किसने किया था सुखबीर सिंह बादल पर अटैक?

हमलावर की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है, जो एक निहंग सिख है. सूत्रों के अनुसार, हमलावर पिछले दो साल से गुरुद्वारे में काम कर रहा था. हमले के बाद सामने आए एक वीडियो में सुखबीर सिंह बादल अपने दाहिने हाथ पर भगवा कपड़ा लपेटे हुए चलते हुए दिखाई दे रहे हैं. ये भी सामने आया है कि हमलावर ने सुखबीर बादल के पेट में चाकू मारने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया. सुखबीर को बचाने वाले इंस्पेक्टर को भी इस घटना में हल्की चोटें आईं.
 
महाराष्ट्र CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं. फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) से इस घटना के बारे में जानकारी मांगी. आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और मुख्यमंत्री ने हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं.

BJP बोली- ये पंजाब की शांति के लिए खतरा

सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र में हुए हमले पर बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि ये पंजाब की शांति के लिए खतरा है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सरदार सुखबीर सिंह बादल जी की जान लेने की कायरतापूर्ण कोशिश बेहद निंदनीय है और यह पंजाब की शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है. हमारे पवित्र स्थलों में हिंसा और डराने-धमकाने की कोई जगह नहीं है. दोषियों को बेनकाब करके सज़ा दी जानी चाहिए और सुरक्षा में चूक के लिए ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. सिख धर्म सेवा, साहस और शांति का प्रतीक है- हिंसा का नहीं.'

सुखबीर सिंह बादल पर दूसरी बार अटैक

सुखबीर सिंह बादल पर ये पहला अटैक नहीं है. इससे पहले उन पर 4 दिसंबर, 2024 को स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर सेवादार की ड्यूटी करते समय भी हमला हुआ था. नारायण सिंह चौरा नाम के शख्स ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी. गोली बादल को नहीं लगी, क्योंकि उनके सुरक्षा अधिकारी ASI जसबीर सिंह ने हमलावर का हाथ पकड़कर उसे धक्का दे दिया। गोली मंदिर के प्रवेश द्वार की दीवार में लगी और बादल बाल-बाल बच गए। चौरा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया था. नारायण सिंह चौरा खालिस्तान उग्रवाद से जुड़ा रहा है. उसके संबंध बाबर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से बताए गए थे. 
 

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में खड़गे की रैली वाली जगह पर किसने किया शुद्धिकरण? भड़के कांग्रेस अध्यक्ष बोले- 'दलितों के लिए कोई जगह नहीं' 

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement