भारत
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी नई पत्नी पर आरोप लगाया है कि उसने शादी की रात उसे 35 टुकड़ों में काटने की धमकी दी, क्योंकि उसका एक प्रेमी था, लेकिन यह कहानी पूरी तरह से झूठी निकली, जानने के लिए आगे पढ़ें.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सामने आए एक हैरान कर देने वाले मामले में दुल्हन जिसने सुहागरात पर पति को 35 टुकड़ों में काटने की धमकी दी थी, अब खुद सामने आकर पूरी कहानी को पलट दिया है. दुल्हन सितारा ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं और पति कप्तान निषाद को झूठा व धोखेबाज़ बताया है.
दुल्हन सितारा ने बताया कि शादी की रात जब वह ससुराल पहुंची, तब उसका पति कप्तान नशे में था. उसी रात उसने अपनी पहली पत्नी और 7 साल की बेटी की फोटो दिखाकर साफ कह दिया – “मैं तुम्हारे साथ नहीं रहूंगा”.
जिस धमकी ने इस मामले को सनसनीखेज बना दिया था “अगर मुझे छुआ तो 35 टुकड़े कर दूंगी”, उस पर भी सितारा ने सफाई दी. उसने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है. उसने ऐसा कुछ नहीं कहा, उल्टा उसे उस रात पीटा गया, प्यासा रखा गया, और बाथरूम का पानी पीने को मजबूर किया गया.
पति के उस दावे पर भी सितारा ने सफाई दी जिसमें कहा गया था कि वह बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई थी. सितारा का कहना है कि वह मायके चली गई थी, और फिर 12 दिन तक मौसी के घर छिपकर रही क्योंकि डर थी कि पति कोई झूठी कहानी बना देगा और वही हुआ.
सितारा ने यह माना कि शादी से पहले उसका एक लड़के से अफेयर था, लेकिन उसने शादी के बाद सभी संबंध खत्म कर दिए थे. उसने कहा “अब कप्तान ने मुझे बदनाम कर ही दिया है, तो मैं उसके खिलाफ केस जरूर करूंगी.”
एक और अहम खुलासा करते हुए सितारा ने बताया कि कप्तान ने उसे फोन पर अपनी पहली पत्नी से भी बात करवाई थी. उस महिला ने फोन पर धमकी दी “अगर मेरे पति को छुआ तो मैं तुझे मार डालूंगी.” सितारा का दावा है कि अब यही बात कप्तान ने उलटी उसी पर थोप दी है.
अपने बयान में सितारा ने ये भी बताया कि सुहागरात पर पति ने उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए, और बाद में अपनी 'लव स्टोरी' बताकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. जब उसने भी अपने अफेयर की बात बताई तो कप्तान ने मारपीट शुरू कर दी.
आखिर में सितारा ने कहा कि वो अब चुप नहीं बैठेगी. कप्तान के झूठे आरोपों से वह पूरी तरह टूट चुकी है और जल्द ही उसके खिलाफ FIR दर्ज कराएगी.