भारत
श्री नंद किशोर गोयनका ने सोमवार को 96 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली. उनका अंतिम संस्कार अग्रोहा के गोयनका उद्यान में किया जाएगा.
एस्सेल परिवार के लिए आज दुःख की घड़ी है. एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉक्टर सुभाष चंद्रा के पिता श्री नंद किशोर गोयनका जी का आज (13 जुलाई 2026) दोपहर 12.30 बजे मुंबई में निधन हो गया. उन्होंने 96 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली. प्रखर सामाजिक कार्यकर्ता श्री नंद किशोर गोयनका जी का पार्थिव शरीर उनके निवास स्थान A रोड, वसंत सागर, मरीन ड्राइव में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है.
28 सितंबर 1930 को जन्म लेने वाले श्री नंद किशोर गोयनका जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक थे. संघ में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई. कारोबार से दूर रहने वाले श्री नंद किशोर गोयनका जी हमेशा सामाजिक कार्यों और गोसेवा में समर्पित रहे. वैश्य समाज को एकजुट करने के लिए उन्होंने अथक प्रयास किए.
इसके अलावा अग्रसेन व्यापारियों के महाराजा अग्रसेन की राजधानी अग्रोहा के विकास में बड़ी भूमिका निभाई. श्री नंद किशोर गोयनका जी का पार्थिव शरीर मंगलवार, दिनांक 14 जुलाई, सुबह 7 बजे चार्टर्ड प्लेन से हरियाणा में उनके पैतृक शहर हिसार लाया जाएगा. उनका पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए हिसार स्थित उनके निवास 166, गोयनका हाउस, कृष्णा मंडी में रखा जाएगा.
श्री नंद किशोर गोयनका जी का अंतिम संस्कार 15 जुलाई यानी बुधवार सुबह 11 बजे, हरियाणा के हिसार में होगा. उनका पार्थिव शरीर अग्रोहा धाम के गोयनका उद्यान में पंचतत्व में विलीन होगा. अग्रोहा धाम में ही उनकी धर्मपत्नी का भी अंतिम संस्कार हुआ था.
बीजेपी नेता और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा, "एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन एवं माननीय पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा जी के पूजनीय पिताजी श्री नंद किशोर गोयनका जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. दुःख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं. प्रभु श्रीराम चंद्र जी से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों एवं उनके शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें, ॐ शान्ति!"
एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन एवं माननीय पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. @subhashchandra जी के पूजनीय पिताजी श्री नंद किशोर गोयनका जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
— Bhupendra Singh Chaudhary (@Bhupendraupbjp) July 13, 2026
दुःख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
प्रभु श्रीराम चंद्र जी से प्रार्थना है… pic.twitter.com/mcmnfSk6Nm
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी श्री नंद किशोर गोयनका जी के निधन पर शोक प्रकट किया. उन्होंने एक्स पर लिखा, "पूर्व राज्यसभा सांसद एवं Essel ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा जी के पूज्य पिताजी, समाजसेवी श्री नंद किशोर गोयनका जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ.ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार एवं शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें. ॐ शांति"
पूर्व राज्यसभा सांसद एवं Essel ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा जी के पूज्य पिताजी, समाजसेवी श्री नंद किशोर गोयनका जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) July 13, 2026
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार एवं शुभचिंतकों को यह दुःख सहन… pic.twitter.com/f6Y07FDqD6