भारत
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सीट शेयरिंग पर सपा और कांग्रेस में खींचतान जारी है. अखिलेश यादव ने इमरजेंसी का जिक्र कर कांग्रेस पर राजनीतिक दबाव बढ़ा दिया है.
डॉ. शब्द प्रकाश
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का सवाल लगातार बड़ा होता जा रहा है. यह सवाल हल हो उससे पहले ही सपा-कांग्रेस, दोनों तरफ से तीखी बयानबाजी हो रही है. कांग्रेस की तरफ से 2027 में 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही गई है. चर्चा है कि सपा कांग्रेस को इतनी सीटें देने के मूड में नहीं है. ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों का गणित अभी सिर्फ बातचीत का विषय नहीं, बल्कि गठबंधन की राजनीतिक दिशा तय करने वाला मुद्दा बनता दिख रहा है.
इसी खींचतान के बीच अखिलेश यादव ने 1 अक्टूबर को अपनी प्रेस कांफ्रेंस में ‘इमरजेंसी’ का जिक्र किया जो कि नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दे रहा है. सवाल यह है कि जब सपा और कांग्रेस एक ही विपक्षी गठबंधन की संभावनाओं पर बातचीत कर रहे हैं, तब अखिलेश यादव का बार-बार इमरजेंसी को राजनीतिक बहस में लाना क्या कांग्रेस के लिए भी एक संदेश है?
सभी जानते हैं कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश में इमरजेंसी लागू रही और उस समय इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं. इस दौर में लोगों के मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध, प्रेस पर सेंसरशिप और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हुईं थीं.
यही वजह है कि आज भी इमरजेंसी को कांग्रेस शासन के काले अध्याय के तौर पर याद किया जाता है. ऐसे में चर्चा स्वाभाविक है कि जिस कांग्रेस के शासनकाल में इमरजेंसी लगी थी, उसी कांग्रेस के साथ सपा आज गठबंधन की संभावनाओं पर बातचीत कर रही है. यही विरोधाभास अखिलेश की मौजूदा राजनीतिक भाषा को और ज्यादा चर्चा में ला रहा है.
वैसे अखिलेश यादव इमरजेंसी को लेकर पहले भी बयानबाजी कर चुके हैं. जुलाई 2026 में लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान भी उन्होंने दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई को इमरजेंसी की याद दिलाने वाला बताया था.
यानी इमरजेंसी का संदर्भ अखिलेश की राजनीतिक भाषा में पहले से मौजूद है. लेकिन मौजूदा परिस्थितियां इस संदर्भ की एक दूसरी व्याख्या भी पैदा कर रही हैं. यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सीट शेयरिंग पर कांग्रेस की 150 सीटों की मांग और सपा की अपनी सीटों को लेकर आक्रामक तैयारी के बीच यही सवाल उठ रहा है कि क्या इतिहास के इस अध्याय को याद दिलाकर अखिलेश द्वारा कांग्रेस पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है.
एक तरफ कांग्रेस सपा से गठबंधन होने की स्थिति में बराबर का सम्मान मांग रही है, दूसरी तरफ सपा अपने संगठन और 2027 की तैयारियों के दम पर ज्यादा सीटों पर दावा बनाए रखना चाहती है. ऐसे में इमरजेंसी का जिक्र कांग्रेस के लिए एक पुराने राजनीतिक सवाल को फिर से सामने लाता है.
अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा की शुरुआत रायबरेली से होना भी इसी संदर्भ में चर्चा का विषय बना हुआ है. रायबरेली लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति का प्रमुख केंद्र रहा है और ऐसे में वहां से सपा का अपना राजनीतिक अभियान शुरू करना महज एक चुनावी कार्यक्रम मानना जल्दबाजी होगी. चर्चा है कि अखिलेश यादव ने रायबरेली से PDA रथ यात्रा की शुरूआत करके कांग्रेस को सीट शेयरिंग की डील के बीच राजनीतिक संदेश दिया.
कुल मिलाकर, 2027 की लड़ाई अभी चुनावी मैदान में शुरू नहीं हुई है, लेकिन गठबंधन की जमीन पर मुकाबला पहले से दिखाई देने लगा है. कांग्रेस 150 सीटों का दावा कर रही है, सपा अपनी बड़ी संख्या में सीटों पर तैयारी का संकेत दे रही है और अखिलेश इतिहास के उस अध्याय को फिर बहस में ला रहे हैं, जो कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से असहज सवाल खड़े करता है. ऐसे में असली परीक्षा सिर्फ सीटों के बंटवारे की नहीं, बल्कि इस बात की भी होगी कि दोनों दल एक-दूसरे के राजनीतिक संदेशों और दबाव की रणनीतियों के बीच गठबंधन की गुंजाइश कैसे बनाए रखते हैं.
(लेखक दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर लेखन करते हैं.)