भारत
आंध्र प्रदेश से एक ऐसी खबर आई जिसने सबको हैरान कर दिया. जिसके बाद सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीड़ित महिला और उसके परिवार को सुरक्षा और आर्थिक मदद देने के निर्देश भी दिए हैं.
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली और इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. एक महिला को उसके पति द्वारा लिया गया कर्ज न चुकाने पर ना सिर्फ बुरी तरह पीटा गया, बल्कि उसे एक पेड़ से बांधकर सरेआम अपमानित भी किया गया. यह घटना कुप्पम मंडल के नारायणपुरम गांव की है, जहां एक साहूकार की बेरहमी ने पूरे इलाके को दहला दिया.
चित्तूर जिले के नारायणपुरम गांव में एक महिला को साहूकार ने बेरहमी से पीटा और पेड़ से बांध दिया. यह घटना तब घटी जब पीड़िता सिरीशा अपने बच्चे के परीक्षा प्रमाणपत्र लेने गांव लौटी थी. तीन साल पहले सिरीशा के पति थिम्मारायप्पा ने मुनिकनप्पा नाम के एक साहूकार से 80,000 रुपये कर्ज लिया था, जिसे वह चुका नहीं पाया. आर्थिक तंगी के चलते परिवार गांव छोड़कर चला गया था और सिरीशा मजदूरी कर परिवार का गुजारा कर रही थी. जैसे ही मुनिकनप्पा ने महिला को गांव में देखा, उसने पहले गालियां दीं और फिर उसे खींचकर एक नीम के पेड़ से बांध दिया. इसके बाद उसने सरेआम मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी. जब कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो साहूकार ने उन पर भी हमला किया.
इस अमानवीय घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पुलिस अधीक्षक से बात की और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया. फिलहाल पुलिस ने मुनिकनप्पा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीड़ित महिला और उसके परिवार को सुरक्षा और आर्थिक मदद देने के निर्देश भी दिए हैं.
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.