भारत
आतंकी डॉ. अहमद सैयद को गुजरात एटीएस ने 8 नंवबर को गिरफ्तार किया था. उस पर देश में जहरीले पदार्थ का इस्तेमाल करके बड़े हमले की योजना का आरोप है.
गुजरात के साबरमती जेल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रांत (ISKP) से जुड़े आतंकी डॉ. अहमद पर कुछ कैदियों ने अचानक हमला कर दिया. अहमद के साथ कैदियों ने जमकर मारपीट की. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी जान बचाई और कैदियों को अलग-अलग सेल में बंद किया. इस घटना में आतंकी और कुछ कैदियों को चोट आई है. उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही गुजरात ATS की टीम साबरमती जेल पहुंच गई. आतंकी अहमद को सिविल अस्पताल ले जाया गया. उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है. कैदियों ने हमला क्यों किया यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. एटीएस इस मामले की जांच में जुट गई है.
गुजरात ATS ने किया था गिरफ्तार
आतंकी डॉ. अहमद सैयद को गुजरात एटीएस ने 8 नंवबर को गिरफ्तार किया था. उस पर देश में जहरीले पदार्थ का इस्तेमाल करके बड़े हमले की योजना का आरोप है. ATS ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया था. तीनों साबरमती जेल में बंद हैं. जहां बैरक में उनका तीन अन्य कैदियों से झगड़ा हो गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैदियों ने एक आतंकी की पिटाई कर दी. उसके आंख पर चोट लगी. मामला इतना बढ़ गया कि अन्य कैदी भी इस झगड़े में कूद पड़े और जमकर मारपीट हुई. इसमें तीनों आतंकी और कुछ कैदी घायल हो गए.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.