भारत
RSS On Bangladeshi Hindus: बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से हिंदुओं पर प्रताड़ना की घटनाएं बढ़ गई हैं. बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इसे भारत की जिम्मेदारी बताया है.
बांग्लादेश (Bangladesh)में मोहम्मद यूनुस की सरकार में हिंदुओं के साथ उत्पीड़न की कई घटनाएं हो चुकी हैं. अमेरिका समेत कई देशों ने इस पर चिंता जताई है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार में भी बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था. भारत सरकार ने भी वैश्विक मंचों के जरिए इस पर अपनी चिंता जाहिर की है. अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा के लिए चिंता जाहिर करते हुए उनसे अपने देश में एकजुट रहने का आह्वान किया है. संघ ने यह भी कहा कि बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भारत की जिम्मेदारी है. आरएसएस के संयुक्त महासचिव अरुण कुमार ने कहा कि उन पर अगर कोई संकट आता है, तो हमें उनका साथ देना ही होगा.
बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहले भी कई बार चिंता जताई है. संघ प्रमुख मोहन भागवत भी कह चुके हैं कि भारत सरकार को पड़ोसी देश के प्रताड़ित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए. बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान अरुण कुमार ने कहा, 'आज भारत जि तरक्की और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है उसमें उनका (बांग्लादेशी हिंदुओं) का भी योगदान है. भारत और बांग्लादेश ऐतिहासिक रूप से एक रहे हैं. उन्हें अपने देश में मिल-जुलकर शांति से रहना चाहिए.'
यह भी पढ़ें: Sushant Singh Rajput: सुशांत सिंह राजपूत केस में CBI ने दाखिल की क्लोजर रिपोर्ट, मौत की असली वजह आई सामने
आरएसएस के संयुक्त महासचिव ने कहा कि बांग्लादेश के हिंदू समुदाय की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है और हम इससे बच नहीं सकते हैं. अगर उन पर कोई संकट आता है, तो भारत उनकी मदद करेगा. उन्होंने मोहम्मद यूनुस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि हालिया घटनाओं से स्पष्ट हो गया है कि बांग्लादेश की सरकार और प्रशासनिक संस्थाओं की मदद और संरक्षण में हिंदू समुदाय को प्रताड़ित किया गया है.
यह भी पढ़ें: भारतीय भगोड़ा कारोबारी मेहुल चौकसी कहां छिपा बैठा है? मिली सटीक लोकेशन, CBI ने कर दिखाया कारनामा