भारत
UP News: CM योगी के जनता दरबार में उस समय सनसनी फैल गई जब एक रिटायर्ड फौजी ने जहर खा लिया. सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में उस समय हड़कंप मच गया, जब गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के रहने वाले 65 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर ने दावा किया कि उन्होंने जहर खा लिया है. यह सुनकर वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई. मिली जानकारी के अनुसार, सतबीर गुर्जर सुबह जनता दरबार में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे. जब उनकी बारी आई तो उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और अन्य लोगों को बताया कि वह लंबे समय से परेशान हैं और इसी कारण उन्होंने जहर खा लिया है. जिसके बाद तुरंत ही सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
सूत्रों के मुताबिक, सतबीर गुर्जर ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि विधायक से उन्हें जान का खतरा है और लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है. इतना ही नहीं, सतबीर ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक ने करोड़ों रुपये की वसूली की है और इसी से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया. इस घटना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब ये सवाल उठ रहा है कि आखिर कोई व्यक्ति जहरीला पदार्थ लेकर अंदर कैसे पहुंच गया? अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. साथ ही, सतबीर के बयान दर्ज किए जाएंगे और उनके लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर IPS सतीश गोलचा? पहले भी संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारी
फिलहाल, पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. अस्पताल में भर्ती सतबीर गुर्जर की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है. इस बीच, विपक्ष ने भी इस घटना को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से