भारत
Raja Raghuvanshi Murder Case में गिरफ्तार सोनम रघुवंशी के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश का केस बनेगा. दोषी पाए जाने पर सोनम को आजीवन कारावास भी हो सकता है.
Raja Raghuvanshi Murder Case में पत्नी सोनम रघुवंशी गिरफ्तार हो चुकी है. सोनम पर अपने पति की हत्या की साज़िश रचने का आरोप है. आरोप है कि हत्या को अंजाम देने के लिए सोनम ने अपने प्रेमी और उसके तीन दोस्तों की मदद ली थी. इस मामले में सोनम और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होगा और उसी के आधार पर उसे सज़ा होगी.
भारतीय न्याय संहिता के सेक्शन 101 में हत्या को परिभाषित किया गया है. वहीं, धारा 103 में हत्या की सज़ा बताई गई है. इसके मुताबिक, हत्या का दोषी पाए गए शख्स को फांसी या उम्र कैद की सज़ा हो सकती है. उस पर फाइन भी लगाया जा सकता है. भारत में फांसी की सज़ा रेयरेस्ट ऑफ द रेयर मामलों में ही दी जाती है. ऐसे में अगर सुनवाई में कोर्ट ये फैसला करती है कि Raja Raghuvanshi Murder Case रेयरेस्ट ऑफ द रेयर है तो ही सोनम को फांसी की सज़ा होगी.
राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की 11 मई को शादी हुई थी. शादी के बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय के लिए रवाना हुए. 21 मई को सोनम और राजा शिलॉन्ग पहुंचे और 23 मई को गायब हो गए. जब परिवार इन दोनों से संपर्क नहीं कर पाए तो उन्होंने पुलिस की मदद मांगी. इसके बाद मेघालय पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की. 10 दिन बाद 2 जून को मेघालय पुलिस को एक गहरे खाई में राजा की लाश पुलिस को मिली. लाश के पास ही मर्डर वेपन भी मिला, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की जांच भी शुरू की. मेघालय पुलिस ने अलग-अलग राज्यों की इंटेलिजेंस यूनिट और एजेंसियों की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
दूसरी तरफ, यूपी के गाज़ीपुर में सोनम ने खुद ही सरेंडर कर दिया. सोनम ने पहले खुद को विक्टिम बताया, कहा कि उसे बेहोशी की हालत में कोई गाज़ीपुर के ढाबे में छोड़ गया है. हालांकि, सोनम का झूठ पुलिस की रूटीन प्रक्रिया का लिटमस टेस्ट भी पास नहीं कर पाया और वो पकड़ी गई. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मेघालय ले जाया गया है.
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.