भारत
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का कहर: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के 2 सितंबर के पूर्वानुमान के अनुसार, आज स्थिति और बिगड़ सकती है और राहत की कोई संभावना नहीं है. यूपी, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में रेड तो बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई जगह स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं.
Weather conditions: दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में सोमवार से बारिश जारी रही, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और महानगरों में जनजीवन ठप्प हो गया. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के 2 सितंबर यानी आज मंगलवार को और स्थिति बिगड़ने की चेतावनी दी है और राहत की कोई संभावना नहीं है. बारिश और जलजमाव के चलते कई जगहों पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई जगह स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं.
यमुना नदी भी सोमवार को चेतावनी के निशान को पार कर गई, जिसके मंगलवार को 206 मीटर के खतरे के निशान को पार करने की आशंका है. अधिकारियों ने बाढ़ के मैदानों में रहने वाले लोगों से पहले ही सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है. दिल्ली-एनसीआर में बारिश, वर्क फ्रॉम होम और गुरुग्राम में स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
स्कूल ऑनलाइन और ऑफिस वर्क फ्रॉम होम
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई भारी बारिश और 2 सितंबर को भारी से बहुत भारी वर्षा के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम में मंगलवार को स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफिस को वर्क फ्रॉम होम के रूप में संचालित करने का निर्देश दिया गया. गाइडलाइन में कहा गया- “भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी कॉरपोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी जाती है और जिले के सभी स्कूलों को दो सितंबर को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का परामर्श दिया जाता है.’’
दिल्ली में बारिश का अलर्ट: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश की चेतावनी दी गई है जिससे पहले ही काफी व्यवधान पैदा हो चुका है. सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर भर में यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे पड़ोसी इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई.
नोएडा में अलर्ट: नोएडा के अधिकारी यमुना नदी में संभावित बाढ़ की तैयारी कर रहे हैं. एसीईओ संजय कुमार खत्री ने चेतावनी दी है कि पानी का स्तर 2023 में आने वाली बाढ़ के स्तर के बराबर है. मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, प्राधिकरण ने 135 हेक्टेयर की गौशाला से 800 गायों को पास की एक हरित पट्टी में स्थानांतरित कर दिया है. इस एहतियाती उपाय का उद्देश्य बढ़ते जल स्तर के प्रभाव को कम करना है.
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमते नहीं दिख रहा है. यूपी के लखनऊ, बाराबंकी, बरेली, अमेठी, प्रयागराज, हापुड़, सहारनपुर, बिजनौर, खेरी, फरुखाबाद, शाहजहांपुर, मेरठ, रामपुर, बहराइच, बदायूं और पीलीभीत में आज (2 सितंबर)को भीषण बारिश की संभावना जताई गई है. इन शहरों में मौसम विभाग ने 15 MM प्रतिघंटे की स्पीड से बारिश की आशंका जताई है.
बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम
- 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण शामिल हैं.
- इन जिलों में बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.
- हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है.
- तापमान की बात करें, तो आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तराखंड में कैसा रहेगा आज का मौसम
- देहरादून और टिहरी गढ़वाल में रेड अलर्ट जारी किया गया है.
- चंपावत, बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में भारी बारिश की संभावना है.
- कई इलाकों में भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
- देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, पौड़ी और चमोली में सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने का आदेश जारी किया गया है.
- आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.