भारत
राधिका यादव के चचेरे भाईयों ने परिवार में रोकटोक के आरोपों का खंडन किया है. उनके भाइयों ने कहा है कि अगर रोकटोक होती तो वो पूरी दुनिया में खेल कैसे पातीं.
राधिका यादव की करीबी दोस्त हिमांशिका सिंह राजपूत ने आरोप लगाया था कि राधिका के परिवारवाले उस पर बहुत ज्यादा रोक-टोक लगाते थे. वो उसे कहीं आने-जाने नहीं देते थे. अब राधिका के परिवार ने इस आरोप का खंडन किया है. राधिका के एक कज़िन ने कहा, 'अगर बंदिशें होतीं तो वो घर से नहीं निकल पाती. बच्चों को ट्रेनिंग नहीं दे पाती. तो ये सरासर गलत और बेबुनियादी बातें हैं.'
राधिका के एक और भाई ने कहा, 'हिमांशिका राजपूत जी गलतबयानी कर रही हैं. दुनिया में शायद ही कोई देश बचा हो जहां वो खेलने नहीं गई. वीज़ा लगता है, टिकट लगते हैं, ये सब फ्री में नहीं होता. परिवार ने भी अपने पैसे लगाए. उन्होंने मेहनत की. राधिका ने भी मेहनत की. मीडिया में गलत बातें चल रही हैं कि परिवार में रोक-टोक है, ऐसा कुछ नहीं है.'
हिमांशिका सिंह राजपूत ने आरोप लगाए हैं कि राधिका यादव का परिवार उन पर बहुत ज्यादा रोक-टोक लगाता था. हिमांशिका ने कहा था कि राधिका के परिवार में इतनी रोकटोक है कि उसे हर चीज़ का जवाब देना पड़ता था. उसकी एकैडमी उसके घर से 50 मीटर दूर थी, लेकिन तब भी उसके घर जाने का समय फिक्स था. अगर वो उससे लेट होती तो उसे डांट पड़ती थी. हिमांशी ने आरोप लगाया है कि राधिका को वीडियो बनाने, फोटो खिंचाने का बहुत शौक था लेकिन घरवालों के प्रेशर में उसने अपना अकाउंट प्राइवेट करके रखा था. उसके अकाउंट में केवल 68 लोग थे.
10 जुलाई को टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव ने गुरुग्राम स्थित घर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी. दीपक यादव ने पुलिस को बताया कि लोग परिवार को ताने देते थे कि वो बेटी के पैसों पर पल रहे हैं. इससे परेशान होकर हत्या कर दी. राधिका की अपने कोच अजय यादव के साथ एक चैट सामने आई है जिसमें उसने लिखा है कि वो किसी भी कीमत पर अपने घर से निकलना चाहती है. मैसेजेस में उसने विदेश में बसने की बात भी लिखी थी. माना जा रहा है कि इसी की वजह से खिलाड़ी और उसके पिता के बीच मनमुटाव चल रहा था.
23 मार्च, 2000 में जन्मीं राधिका भारत की बेहतरीन टेनिस खिलाड़ियों में से एक थी. टेनिस डबल्स में उनकी इंटरनैशनल रैंकिंग 113 थी. वहीं, हरियाणा विमेन्स डबल कैटेगरी में उनकी रैंकिंग 5 थी. विमेन्स सिंगल कैटेगिरी में उनकी बेस्ट रैंकिंग 35 थी और डबल्स में उनकी बेस्ट रैंकिंग 53 रही है. राधिका की गिनती टेनिस के इमर्जिंग स्टार्स में होती थी. राधिका यादव एक टेनिस एकैडमी भी चलाती थीं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.