Advertisement

केतन के कत्ल की साजिश में शामिल था सिया का परिवार? पिता का आरोप- 'उन्हें शुरू से ही सब...'

18 जून को ट्रेकिंग के दौरान गहरी खाई में गिरने से हुई बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में एक हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह एक सोची-समझी हत्या की साजिश निकली.

Latest News
केतन के कत्ल की साजिश में शामिल था सिया का परिवार? पिता का आरोप- 'उन्हें शुरू से ही सब...'

केतन मर्डर केस (Image Source- Instagram)

Add DNA as a Preferred Source

पुणे के 26 वर्षीय बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत के मामले में हर रोज हो रहे चौंकाने वाले खुलासों ने हर किसी को हैरान कर दिया है. 18 जून को लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिरने से हुई केतन की मौत को शुरुआत में एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था. लेकिन पुलिस की गहराई से की गई तफ्तीश में जो सच सामने आया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है. पुलिस के मुताबिक, यह कोई एक्सीडेंट नहीं बल्कि एक सोची-समझी खौफनाक साजिश थी, जिसे केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर अंजाम दिया. 

तस्वीर खींचने का बहाना और खाई में धकेला

शुरुआत में सिया गोयल ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी बनाई थी कि ट्रेकिंग के दौरान तस्वीरें खिंचवाते वक्त केतन का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गए. पुलिस ने पहले इस मामले को एक आकस्मिक दुर्घटना के रूप में दर्ज किया था. लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सिया के बयानों की जांच की, तो उसमें कई खामियां नजर आईं.

आखिरकार पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि सिया और उसके प्रेमी चेतन ने मिलकर केतन को जानबूझकर खाई में धकेला था. करीब तीन घंटे के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केतन के शव को खाई से निकाला जा सका था. इस बीच, केतन के पिता ने मामले में एक और बड़ा दावा करके सनसनी फैला दी है. उन्होंने सीधे तौर पर सिया के माता-पिता, भाई और बुआ पर इस हत्याकांड में शामिल होने का शक जताया है. 

केतन के पिता का गंभीर आरोप

केतन के पिता का कहना है कि सिया का परिवार शुरू से ही इस पूरी साजिश के बारे में जानता था. केतन के पिता ने मंगलवार (23 जून 2026) को कहा, "मुझे पक्का यकीन है कि सिया गोयल के माता-पिता, भाई और बुआ भी इसमें शामिल हो सकते हैं, क्योंकि उन्हें शुरू से ही सब कुछ पता था. मुझे उम्मीद है कि इस जघन्य अपराध में शामिल बाकी सभी लोगों को भी न्याय के कटघरे में लाया जाएगा."

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इन लोगों ने पहले 14 जून को भी केतन को रास्ते से हटाने की कोशिश की थी, लेकिन तब वे नाकाम रहे. इसके बाद 18 जून को दोबारा प्लानिंग करके केतन को लोहगढ़ किले ले जाया गया. पिता ने मांग की है कि इस घिनौने अपराध में शामिल लड़की के पूरे परिवार की जांच होनी चाहिए. 

 

आखिर क्यों ली जान?

पुलिस जांच में जो वजह सामने आई है, वह है प्यार और धोखा. केतन एक बड़े रियल एस्टेट ग्रुप के डायरेक्टर थे और इसी साल नवंबर में सिया के साथ उनकी बेहद भव्य शादी होने वाली थी. इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए राजस्थान में एक आलीशान महल बुक किया गया था और मेहमानों के लिए प्राइवेट जेट तक का इंतजाम था. लेकिन सिया इस शादी से खुश नहीं थी क्योंकि वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी. पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन के रिश्ते के बीच केतन एक बड़ा रोड़ा बन रहे थे, इसलिए दोनों ने उन्हें हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया.

कोर्ट ने भेजा पुलिस कस्टडी में

पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पुणे के मावल तालुका कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 29 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन, डिजिटल सबूतों और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है ताकि इस मर्डर मिस्ट्री के हर एक लिंक को जोड़ा जा सके और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement