भारत
श्रद्धांजलि देने वालों में हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हिसार सांसद जयप्रकाश (जेपी), भाजपा के पूर्व हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवा शामिल रहे. गृह मंत्री अमित शाह ने भी भेजा शोक संदेश.
एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गुरुवार को गोयनका सदन, देवी भवन में राजनीतिक, सामाजिक, औद्योगिक और पत्रकारिता जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां पहुंचीं. सभी ने उन्हें सादगी, समाज सेवा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बताते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोक संतप्त गोयनका परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं.
श्रद्धांजलि देने वालों में हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हिसार सांसद जयप्रकाश (जेपी), भाजपा के पूर्व हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, रोहतक विधायक बीबी बत्रा, आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश, उकलाना विधायक नरेश सेलवाल, हिसार के महापौर प्रवीण पोपली, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के मीडिया सलाहकार सुनील भारतम, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, कांग्रेस नेता राहुल मक्कड़, कई वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे.
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्हें नंदकिशोर गोयनका से कई अवसरों पर मिलने का सौभाग्य मिला. विशेष रूप से अग्रवाल धाम सहित समाजहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि नंदकिशोर गोयनका निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने वाले, श्रेष्ठ और सज्जन व्यक्तित्व थे. ऐसे लोग समाज में कभी-कभार ही जन्म लेते हैं और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाता है.
हिसार सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने कहा कि स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका अपनी बात के पक्के और वचन के धनी व्यक्ति थे. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने उनका सहयोग भी किया था. उन्होंने हमेशा समाज की सेवा को प्राथमिकता दी और अपने व्यवहार तथा कार्यों से एक अलग पहचान बनाई.
भाजपा के पूर्व हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के प्रति लोगों का सम्मान उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी श्रद्धा से स्पष्ट दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा में उमड़ने वाली भीड़ उसकी लोकप्रियता नहीं, बल्कि उसके प्रति लोगों की सच्ची श्रद्धा का प्रमाण होती है. समाज सेवा से उनका गहरा जुड़ाव और इस उम्र में भी उनकी सक्रियता उन्हें एक असाधारण व्यक्तित्व बनाती थी. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए गोयनका परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि उन्हें नंदकिशोर गोयनका से कई बार मिलने और विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि नंदकिशोर गोयनका अपने आप में एक संस्था थे. वे हर समस्या का समाधान बड़ी गहराई और सहजता से बताते थे। उन्होंने अपने परिवार को भी समाज सेवा, संस्कार और अपनी पैतृक भूमि से जुड़े रहने की सीख दी. आज गोयनका परिवार देश के विभिन्न हिस्सों में रहते हुए भी हिसार और समाज के विकास में योगदान दे रहा है, जो उनके मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका का जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा डॉ. सुभाष चंद्रा और समस्त गोयनका परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं. सभी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा को उनके पिता स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के निधन पर शोक संदेश भेजकर गहरी संवेदना व्यक्त की है.13 जुलाई 2026 को भेजे गए अपने पत्र में अमित शाह ने कहा कि नंदकिशोर गोयनका के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. उन्होंने लिखा कि पिता के निधन से जीवन में आई रिक्तता को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं गोयनका परिवार के साथ हैं. उन्होंने अपने संदेश में श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए लिखा कि, "जिसने जन्म लिया है, उसकी मृत्यु निश्चित है और जिसकी मृत्यु हो गई है, उसका जन्म भी निश्चित है." यह सृष्टि का अटल नियम है, जिसे कोई बदल नहीं सकता.
अमित शाह ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें.