भारत
लखनऊ के सिविल अस्पताल में मृत घोषित किए गए प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मौत की असली वजह साफ कर दी है.
समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार (13 मई 2026) को निधन हो गया. जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया. 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत के कारणों को लेकर चल रहे कयासों के बीच अब उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें उनकी मृत्यु के तकनीकी और चिकित्सकीय कारणों का खुलासा किया गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव की मृत्यु का तात्कालिक कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (Cardiorespiratory Collapse) रहा. डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि यह स्थिति शरीर में हुए पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण पैदा हुई. चिकित्सकीय भाषा में इसका अर्थ है कि उनके फेफड़ों की मुख्य नसों में खून का एक बड़ा थक्का जम गया था.
इस थक्के की वजह से फेफड़ों से हृदय तक होने वाला रक्त संचार बाधित हो गया, जिससे दिल ने काम करना बंद कर दिया और अचानक सांस रुक गई. इसी वजह से बुधवार तड़के जब उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान फोरेंसिक विशेषज्ञों ने गहनता से जांच की है. मौत की तह तक जाने के लिए विशेषज्ञों ने प्रतीक यादव के हृदय और फेफड़ों से मिली थ्रोम्बोएम्बोलिक सामग्री को फॉर्मेलिन में सुरक्षित रख लिया है. इसकी आगे हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच की जाएगी.
रासायनिक विश्लेषण के लिए विसरा सैंपल को भी सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया गया है. इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि मौत के पीछे कोई अन्य बाहरी या आंतरिक कारक तो मौजूद नहीं था. रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि शरीर पर मौजूद चोट के निशान मृत्यु से पहले के थे.
The Postmortem Report from King George's Medical University in Lucknow of Prateek Yadav lists cardiorespiratory collapse due to massive pulmonary thromboembolism as the cause of death, mentioning six "antemortem" (before death) injuries found on his body.
— ANI (@ANI) May 13, 2026
The report says,… pic.twitter.com/C20nybDZam
यादव परिवार की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के पिपरा घाट पर किया जाएगा. वर्तमान में उनका पार्थिव शरीर उनके निजी आवास पर रखा गया है, जहां उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए राजनेताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों का तांता लगा हुआ है. शोक की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाने के लिए सपा सांसद डिंपल यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव सहित परिवार के तमाम सदस्य आवास पर मौजूद हैं.
प्रतीक यादव को याद करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव बेहद भावुक नजर आए. उन्होंने प्रतीक को एक सुलझा हुआ और जिम्मेदार इंसान बताया. अखिलेश ने कहा, "प्रतीक स्वास्थ्य के प्रति बहुत जागरूक था और अपना पूरा समय बिजनेस में लगाता था. करीब दो महीने पहले हमारी मुलाकात हुई थी, तब मैंने उसे अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी थी."
अखिलेश ने व्यापारिक दबावों का जिक्र करते हुए कहा कि कारोबार के उतार-चढ़ाव कई बार व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डालते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा यादव परिवार चट्टान की तरह एकजुट खड़ा है.