भारत
Patna News: बालू कारोबारी रमाकांत यादव अपने घर के बाहर बगीचे में टहल रहे थे. उसी दौरान घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने उनपर गोलियां चला दीं.
बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं. बादमाश आए दिन हत्या की घटनाओं की अंजाम दे रहे हैं. पटना में गुरुवार को एक और कारोबारी की हत्या कर दी गई है. रानीतालाब थाना क्षेत्र में बालू कारोबारी रमाकांत यादव को बदमाशों ने गोली मार दी. रमाकांत अपने घर के बाहर बगीचे में टहल रहे थे, तभी घात लगाकर अज्ञात हमलवारों ने उन पर गोलियां चला दीं. गोली लगते ही रमांकात जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
गोलियों की आवाज सुनते ही परिवार के लोग और ग्रामीण रामाकांत यादव की ओर दौड़े. उनको आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक रामाकांत यादव पिछले कई सालों से बालू के कारोबार से जुड़े हुए थे. यह इलाका बालू व्यवसाय के रूप में चर्चित रहा है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस उनकी दुश्मनी को लेकर परिवारवालों से पूछताछ कर रही है. गांव के लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
बिहार में क्या लौट आया जंगलराज?
बता दें कि इससे पहले बीते शुक्रवार अपराधियों ने पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में व्यवसायी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि एक और हत्या से पटना दहल गया है. बिहार में बीते एक हफ्ते में एक दर्जन लोगों की हत्या हो चुकी है. विपक्ष दलों के साथ-साथ एनडीए के सहयोगी भी नीतीश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार का गृह जिला भी सुरक्षित नहीं है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.