भारत
Kairana News: हरियाणा पुलिस पानीपत से गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी जासूस नोमान इलाही से पूछताछ कर रही है. नोमान ने ही कैराना निवासी कामरान का नाम लिया, जो कुछ दिन पहले ही अपनी बहन से मिलने के नाम पर पाकिस्तान गया था. इसके बाद कामरान को भी दबोचा गया है.
Kairana News: पाकिस्तान के जासूसी नेटवर्क को तोड़ने की कवायद लगातार जारी है. हरियाणा पुलिस की सीआईए ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कैराना कस्बे से एक और युवक को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है. कामरान नाम के इस युवक की गिरफ्तारी कुछ दिन पहले पानीपत में दबोचे गए पाकिस्तानी जासूस नोमान इलाही से पूछताछ के आधार पर की गई है. नोमान भी कैराना का ही रहने वाला है. इस जानकारी के आधार पर हरियाणा के पानीपत पुलिस की सीआईए कैराना पहुंची और वहां कामरान के घर पहुंचकर उसे हिरासत में लेने के बाद वापस चली गई. कामरान को किसी गुप्त जगह रखा गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
दादी की मौत के कारण था कामरान के घर मातम का माहौल
बताया जा रहा है कि शामली जिले के कैराना कस्बे में कामरान की दादी रफीकन की मौत दो दिन पहले ही हुई है. इसके चलते उसके घर मातम का माहौल बना हुआ था. इसी दौरान हरियाणा पुलिस कामरान को गिरफ्तार करने पहुंच गई. इसके चलते लोगों ने थोड़ा विरोध भी किया, लेकिन पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का मामला पता चलने पर सब शांत हो गए.
कामरान की बहन रहती है पाकिस्तान में, कुछ दिन पहले गया था मिलने
कैराना निवास कामरान की बहन यास्मीन की शादी पाकिस्तान में हुई है. उसकी बुआ मु्न्नी भी पाकिस्तान में ही रहती है. कामरान हाल ही में इन दोनों से मिलने का बहाना करके वीजा लेकर पाकिस्तान गया था. नोमान ने कामरान के बारे में कई बातें पुलिस को बताई हैं, जिनकी पुष्टि करने के लिए कामरान से पूछताछ चल रही है.
वीडियो कॉल पर साझा करता था खुफिया जानकारी
हरियाणा पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, नोमान ने बताया है कि कामरान पाकिस्तान में वीडियो कॉल पर बात करता था और इसी दौरान खुफिया जानकारी साझा करता था. हालांकि नोमान ने अब तक यह नहीं बताया है कि कामरान को क्या मिशन मिला हुआ था, लेकिन दोनों एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह जानते हैं. इससे यह लग रहा है कि दोनों एक ही मिशन पर काम कर रहे थे.
सिक्योरिटी गार्ड के काम की ओट में जासूसी कर रहा था नोमान
नोमान इलाही भी कैराना का ही रहने वाला है. उसे कुछ दिन पहले पानीपत पुलिस की सीआईए ने गिरफ्तार किया है. पानीपत में ही अपनी बहन की ससुराल में रहकर एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे नोमान पर पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप हैं. कैराना में उसके घर की तलाशी में कई पासपोर्ट और गोपनीय दस्तावेज मिले हैं. नोमान पर पाकिस्तान मनी ट्रांसफर करने की आड़ में खुफिया जानकारी साझा करने के आरोप हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.