भारत
लॉन्गटर्म वीज़ा पर भारत में रह रहे एक पाकिस्तानी शख्स ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शख्स ने खुदकुशी कर ली. घटना नवी मुंबई की है.
नवी मुंबई के एक फ्लैट में एक पाकिस्तानी नागरिक ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी. हत्या रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से की गई. हत्या के बाद शख्स ने खुद की जान भी ले ली. पति-पत्नी दोनों पाकिस्तान के नागरिक थे और लॉन्ग टर्म वीज़ा पर भारत में रह रहे थे. पुलिस के मुताबिक, घरेलू झगड़े के चलते ये वारदात हुई. पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तानी जोड़े की पहचान 45 वर्षीय नोतन दास उर्फ संजय सचदेव और 35 वर्षीय सपना नोतनदास के तौर पर हुई है.
डिप्टी कमिश्नर प्रशांत मोहिते ने बताया कि सपना फोन का जवाब नहीं दे रही थी, इस वजह से उसकी बहन को उसकी चिंता होने लगी और वो 10 जून को उससे मिलने उसके घर पहुंची. यहां उसने देखा कि पति-पत्नी के शव खून से लथपथ पड़े हैं.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि घरेलू झगड़े के बाद नोतनदास ने धारदार चाकू से अपनी पत्नी पर वार किया, उसकी गर्दन, पीठ और कंधों पर पर चाकू के कई वार हैं. इससे महिला की मौत हो गई. इसके बाद नोतनदास ने उसी हथियार से अपनी गर्दन पर भी वार किया. जिससे उसकी भी मौत हो गई.
मोहिते ने बताया, 'हमारे रिकॉर्ड्स के मुताबिक यह जोड़ा नवंबर, 2024 में लॉन्ग टर्म विज़िट वीज़ा लेकर भारत आया था. दोनों बीते छह महीने से अपने दो बच्चों के साथ नवी मुंबई में एक फ्लैट में रह रहे थे. हम उनके वीज़ा और दूसरे पहचान पत्रों की गहन जांच कर रहे हैं.' पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत केस दर्ज कर लिया है.
22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का नोटिस दिया था. भारत सरकार ने 12 अलग-अलग कैटेगिरी में शॉर्ट टर्म वीज़ा पर भारत आए लोगों को देश छोड़ने का आदेश दिया था. हालांकि, कहा था कि इसका असर लॉन्ग स्टे वीज़ा पर नहीं पड़ेगा. इस वजह से ये दंपत्ति भारत में ही रह रहा था. मोहिते ने कहा कि पुलिस के सामने फिलहाल बड़ी समस्या नोतनदास और सपना के दो बच्चों का भविष्य और वेलफेयर है. उन्होंने कहा कि वो पता लगा रहे हैं कि बच्चों को कौन अपने पास रख सकता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.