भारत
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में कई पाकिस्तानी न्यूज चैनलों और कई मशहूर हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिस पर से अब प्रतिबंध हटा लिया गया है.
पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कई समाचार चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगाए गए प्रतिबंध अब हटते नजर आ रहे हैं. हालाँकि, अभी तक सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन कई प्रतिबंधित चैनल और अकाउंट्स अब भारत में फिर से दिखाई देने लगे हैं.
बुधवार को भारतीय यूज़र्स ने देखा कि सबा कमर, मावरा होकेन, अहद रजा मीर, हानिया आमिर, युमना जैदी, और दानिश तैमूर जैसी लोकप्रिय पाकिस्तानी हस्तियों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स अब भारत में खुलने लगे हैं. ये वही अकाउंट थे जिन्हें 22 अप्रैल के हमले के बाद सरकार ने प्रतिबंधित किया था.
इसके साथ ही, हम टीवी, एआरवाई डिजिटल, और हरपाल जियो जैसे प्रमुख पाकिस्तानी मीडिया चैनलों के यूट्यूब स्ट्रीमिंग भी अब भारत में फिर से उपलब्ध हो गई है. इसका मतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत लगाए गए डिजिटल प्रतिबंधों में ढील दी गई है या तकनीकी रूप से हटा दिया गया है.
बैसरन घाटी में आतंकी हमले के कुछ ही दिनों बाद भारत सरकार ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिनमें डॉन न्यूज, समा टीवी, आर्य न्यूज, और जियो न्यूज प्रमुख थे. इन चैनलों पर भ्रामक खबरें, भारत-विरोधी बयान, और सांप्रदायिक उकसावे जैसे गंभीर आरोप लगे थे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.