भारत
Balasore Student Self-Immolation Case: पीड़ित छात्रा के पिता ने आरोपियों और जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर अभी न्याय नहीं मिला, तो और बेटियों को भी यह सहना पड़ेगा.
ओडिशा में बालासोर के फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय में एक बी.एड. छात्रा ने खुद को आग लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की. जिसमें वह 90 प्रतिशथ झुलस गई. पीड़िता का एम्स भुवनेश्वर में इलाज चल रहा है. छात्रा ने सीनियर टीचर पर यौन शोषण और मानसि प्रताड़ना का आरोप लगाया था. पीड़िता के पिता ने सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पीड़िता के पिता ने कहा कि न्याय के नाम पर सिर्फ झूठे वादे मिल रहे हैं. लेकिन आरोपियों के खिलाफ कॉलेज प्रशासन और पुलिस की ओर से अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया. छात्रा ने कॉलेज प्रशासन द्वारा कथित उत्पीड़न और निष्क्रियता के बाद आत्मदाह का प्रयास किया था. छात्रा एम्स भुवनेश्वर में गंभीर हालत में इलाजरत है.
'बेटी ने सुनाई थी आपबीती'
पिता ने कहा कि मेरी बेटी के साथ जो हुआ, वह समझ से परे है. अधिकारियों ने मुझे आश्वासन दिया था कि कार्रवाई की जाएगी और न्याय मिलेगा, लेकिन मुझे केवल झूठे वादे मिले. मुझे उन पर भरोसा करने और चुप रहने के लिए कहा गया था. लेकिन आज मेरी बेटी अस्पताल में बिस्तर पर पड़ी है और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है. उन्होंने बताया कि कैसे उनकी बेटी ने उत्पीड़न और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के बारे में आपबीती सुनाई थी.
उन्होंने कहा कि बेटी ने व्यवस्था पर भरोसा किया था, लेकिन वह टूट गया. पीड़िता के पिता ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस की देरी से कार्रवाई पर पीड़ा व्यक्त की.
उन्होंने कहा कि आरोपी प्रोफेसर काम करता रहा और बार-बार शिकायत के बाद भी तत्काल कदम नहीं उठाया गया. मेरी बेटी को चुपचाप सहना पड़ा. घटना के बाद भी मामले को कमतर आंकने की कोशिश की गई. स्थिति इतनी दर्दनाक थी कि मेरी बेटी को लगा कि आत्मदाह ही एकमात्र विकल्प है. कल्पना कीजिए कि कॉलेज प्रिंसिपल के कार्यालय के सामने ऐसा कदम उठाने के लिए उसकी मानसिक स्थिति कैसी रही होगी.
पिता ने आरोपियों और जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मेरी बेटी की बात नहीं है. अगर अभी न्याय नहीं मिला, तो और बेटियों को भी यही सहना पड़ेगा. मैं सरकार से अपील करता हूं कि उसके साथ ऐसा करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले.
(With IANS input)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.