भारत
पुरी में रथ यात्रा के दौरान भगदड़ में तीन श्रद्धालुओं की मौत के बाद ओडिशा सरकार ने तत्काल DM और SP को हटाया, कई अधिकारियों को निलंबित किया और जांच के आदेश दिए.
पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान हुए भीषण हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. रविवार तड़के करीब 4:30 बजे श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने भारी भीड़ में अचानक भगदड़ मच गई, जिससे तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस दर्दनाक घटना के बाद ओडिशा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की है और अधिकारियों की लापरवाही को 'अक्षम्य' करार दिया गया है.
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन बैठक बुलाई और जिला प्रशासन पर सीधे जिम्मेदारी तय करते हुए पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ शंकर स्वैन और पुलिस अधीक्षक विनीत अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया. उनकी जगह अब पिनाक मिश्रा को पुरी का नया SP और चंचल राणा को पुरी का नया DM नियुक्त किया गया है.
सरकार ने कार्रवाई को और सख्त करते हुए दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, डीसीपी विष्णुपति और कमांडेंट अजय पाढ़ी को भी निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक जांच का आदेश दिया गया है जिसकी निगरानी राज्य के विकास आयुक्त करेंगे.
यह भी पढ़ें: कोलकाता रेप केस में पुलिस को मिले अहम सुराग, हाथ लगी 90 सेकंड का वीडियो, जांच में जुटी SIT की टीम
Puri stampede: Odisha CM Mohan Charan Majhi tweets, "Personally, my government and I seek forgiveness from all Jagannath devotees. We express our condolences...This negligence is unforgivable. An immediate investigation into the security lapses will be conducted, and I have… pic.twitter.com/HXBHUOYuOO
— ANI (@ANI) June 29, 2025
मुख्यमंत्री माझी ने इस त्रासदी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी श्रद्धालुओं से माफी मांगी और आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की गई है. हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाली यह रथ यात्रा इस बार अव्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का प्रतीक बन गई, जिसने राज्य सरकार की सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.