भारत
संध्या थिएटर में 'पुष्पा-2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ का मामला अब भी शांत नहीं हो रहा है. यह मुद्दा तेलंगाना की विधानसभा में भी गुंजा. इस घटना पर AIMIM विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है.
Allu Arjun News: संध्या थिएटर में 'पुष्पा-2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ का मामला अब भी शांत नहीं हो रहा है. यह मुद्दा तेलंगाना की विधानसभा में भी गुंजा. इस घटना पर AIMIM विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है. विधानसभा में विधायक ने नाम लिए बिना अभिनेता अल्लू अर्जुन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. नेता का कहना है कि अभिनेता को घटना के बारे में जब बताया गया तो उन्होंने कहा 'अभी फिल्म हिट होगी.' उन्होंने आरोप लगाया कि वह भगदड़ देखने के बावजूद अपनी गाड़ी में बैठे और हाथ हिलाते हुए निकल गए. अकबुद्दीन ओवैसी ने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के लिए अल्लू अर्जुन की निंदा की.
एक्टर पर क्या लगे आरोप
अकबरुद्दीन ने एक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मैं नाम नहीं लेना चाहता उस मशहूर फिल्म स्टार का, क्योंकि मैं अहमियत देना नहीं चाहता. मेरी जानकारी के अनुसार, वो अभिनेता स्टार थिएटर गए थे फिल्म देखने, वहां गड़बड़ हुई. इस घटना की जानकारी पुलिस वालों ने एक्टर को दी. बताया कि बच्चे दब गए और एक महिला की मौत हो गई. ये सूचना मिलने के बाद स्टार पलटे और मुस्कुराते हुए बोले-अब फिल्म हिट होने वाली है.'
अनुमति नहीं मिलने के बाद भी गए थिएटर
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने भी इस मामले में अपने विचार रखे. उन्होंने शनिवार को आरोप लगाया कि पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद अल्लू अर्जुन चार दिसंबर को 'पुष्पा-2' की स्क्रीनिंग के दौरान संध्या थिएटर गए थे. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भगदड़ में एक महिला की मौत के बाद भी अभिनेता सिनेमा हॉल से बाहर नहीं गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जबरन बाहर निकाला. उन्होंने आगे कहा कि थिएटर में प्रवेश करने और बाहर निकलने से पहले अभिनेता ने अपनी कार की सनरूफ से बाहर निकलकर भीड़ को देखकर हाथ हिलाया, जिससे हजारों प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे. उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों को परेशान करने वालों को नहीं बख्शेगी.
यह भी पढ़ें - हैदराबाद के संध्या सिनेमा का लाइसेंस रद्द, Pushpa 2 के प्रीमियर में मची भगदड़ से उठा था विवाद
क्या हुआ था संध्या थिएटर?
बता दें, 4 दिसंबर को पुष्पा 2 फिल्म का प्रीमियर रखा गया था और यहां अभिनेता अल्लू अर्जुन पहुंचे थे. उनके वहां पहुंचने की वजह से प्रशंसकों की भारी भीड़ जुट गई. इस भीड़ में भगदड़ मच गई. इस भगदड़ की वजह से एक महिला की मौत हो गई. महिला का बेटा भी घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था. बाहर आने के बाद एक्टर ने कहा था कि मैं मृत महिला के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.